Bharat Express DD Free Dish

DUSU Elections 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी में बढ़ा छात्रों का जोश, इस बार 39% से ज्यादा हुई वोटिंग; आज आएंगे नतीजे

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 के लिए इस बार मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. फर्स्ट ईयर के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. आज मल्टीपर्पज हॉल में मतगणना के बाद चारों केंद्रीय पदों के परिणाम घोषित किए जाएंगे.

DUSU Elections 2026

DU चुनाव में दिखा गजब उत्साह

DUSU Elections 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के छात्रसंघ चुनाव यानी डूसू चुनाव को लेकर इस बार कैंपस में गजब का उत्साह देखने को मिला है. पिछले साल के मुकाबले इस बार स्टूडेंट्स ने बढ़-चढ़कर लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लिया है. यूनिवर्सिटी प्रशासन के मुताबिक, शुक्रवार शाम 7 बजे तक कुल 39.78% मतदान दर्ज किया गया, जो कि साल 2025 के 39.45% से थोड़ा ज्यादा है. अगर साल 2024 के 29.7% आंकड़ों से तुलना करें, तो पिछले दो सालों में वोटिंग परसेंटेज में अच्छी खासी बढ़ोतरी हुई है.

पहले साल के छात्रों ने मारी बाजी

खास बात यह रही कि सीनियर स्टूडेंट्स के मुकाबले इस बार फर्स्ट ईयर यानी पहले साल के नए छात्रों ने वोटिंग में ज्यादा दिलचस्पी दिखाई और जमकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. रामजस, मिरांडा हाउस, दौलत राम, किरोड़ीमल और एसआरसीसी जैसे बड़े कॉलेजों के बाहर सुबह से ही छात्रों की लंबी-लंबी कतारें लगी थीं. वोटिंग के लिए कुल 158 बूथ और 52 सेंटर बनाए गए थे, जहां कुल 1,51,842 छात्र वोट डालने के लिए योग्य थे. मॉर्निंग कॉलेजों में जहां वोटिंग दोपहर एक बजे तक सिमट गई, वहीं इवनिंग कॉलेजों के छात्रों ने शाम 7:30 बजे तक अपने वोट डाले.

EVM और बैलेट पेपर दोनों का हुआ इस्तेमाल

इस बार चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और आसान बनाने के लिए ईवीएम (EVM) के साथ-साथ बैलेट पेपर का भी इस्तेमाल किया गया. यूनिवर्सिटी के 10 कॉलेजों में बैलेट पेपर से वोट डलवाए गए, ताकि तकनीकी गड़बड़ी की कोई गुंजाइश न बचे. मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राज किशोर शर्मा ने बताया कि चुनाव के लिए कुल 1000 ईवीएम तैनात की गई थीं, जिनमें से 960 का इस्तेमाल हुआ और 40 रिजर्व थीं. राहत की बात यह रही कि किसी भी बूथ से मशीन खराब होने की कोई शिकायत सामने नहीं आई.

ये भी पढ़ें- DUSU Elections 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी में मतदान शुरू, कड़े सुरक्षा पहरे के बीच किस्मत आजमा रहे 20 उम्मीदवार

सुरक्षा के कड़े इंतजाम और आज होगी मतगणना

सुरक्षा के मोर्चे पर भी प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा. डीयू के दोनों परिसरों में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के 2000 से ज्यादा जवान तैनात किए गए थे. रास्तों पर गाड़ियों की आवाजाही पर रोक थी और हर एंट्री गेट पर चेकिंग के बाद ही एंट्री दी गई. किरोड़ीमल कॉलेज के बाहर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के अंदर जाने को लेकर एबीवीपी ने थोड़ा विरोध जरूर जताया, लेकिन इसके अलावा पूरा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया.

अब सबकी निगाहें शनिवार को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं. डीयू के खेल स्टेडियम के मल्टीपर्पज हॉल में वोटों की गिनती की जाएगी, जिसकी पूरी वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है. अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के चार मुख्य पदों के लिए एबीवीपी, एनएसयूआई, आइसा-एसएफआई गठबंधन और एएसएपी समेत कुल 20 उम्मीदवार मैदान में हैं. बस कुछ ही देर में यह साफ हो जाएगा कि इस बार डूसू की कमान किसके हाथों में जाएगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read