Bharat Express DD Free Dish

NEET UG 2026: नीट परीक्षा आज, सोशल मीडिया पर पेपर लीक की अफवाहों से रहें सावधान; NTA ने जारी किया बड़ा अलर्ट

आज देशभर में 22.79 लाख छात्र नीट की परीक्षा देंगे. परीक्षा से पहले टेलीग्राम और व्हाट्सएप पर पेपर लीक के दावों को NTA ने पूरी तरह खारिज कर दिया है. छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और समय पर सेंटर पहुंचें.

NEET UG 2026, NTA Notice, Paper Leak

NEET UG 2026: मेडिकल की दुनिया में कदम रखने का सपना देख रहे लाखों छात्रों के लिए आज यानी 3 मई का दिन बेहद अहम है. देशभर के 5,432 परीक्षा केंद्रों पर NEET UG 2026 की परीक्षा शुरू होने जा रही है. इस बार कुल 22.79 लाख छात्रों ने अपना भविष्य दांव पर लगाया है. लेकिन परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स पर ‘पेपर लीक’ की खबरों ने छात्रों और अभिभावकों की नींद उड़ा दी है.

पेपर लीक की खबरें पूरी तरह फर्जी

परीक्षा से ऐन वक्त पहले टेलीग्राम और व्हाट्सएप के कई ग्रुप्स में कुछ असामाजिक तत्व ‘पेपर लीक’ का दावा कर रहे हैं. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए एक सख्त एडवाइजरी जारी की है. NTA ने साफ कर दिया है कि सोशल मीडिया पर चल रही पेपर लीक की सभी खबरें पूरी तरह से निराधार और फर्जी हैं.

एजेंसी ने छात्रों और उनके माता-पिता को सलाह दी है कि वे इन जालसाजों के बहकावे में न आएं. NTA के मुताबिक, परीक्षा का वितरण और सुरक्षा घेरा पूरी तरह अभेद्य है. एजेंसी ने यह भी चेतावनी दी है कि कोई भी व्यक्ति अगर नंबर बढ़वाने या पेपर दिलाने के नाम पर पैसों की मांग करता है, तो वह सीधा धोखाधड़ी का शिकार हो सकता है. छात्र केवल आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी को ही सच मानें.

1:30 बजे के बाद बंद हो जाएंगे गेट

परीक्षा का आयोजन आज दोपहर 2 बजे से शाम 5:20 बजे तक एक ही शिफ्ट में होगा. NTA ने सेंटर पर पहुंचने के समय को लेकर काफी सख्ती दिखाई है. परीक्षा केंद्रों के गेट सुबह 11 बजे ही खोल दिए जाएंगे ताकि छात्र आराम से अपनी जांच करा सकें. लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी छात्र को अंदर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी. इसलिए, आखिरी मिनट की भागदौड़ से बचने के लिए कोशिश करें कि आप 1 बजे तक हर हाल में सेंटर पहुंच जाएं.

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र बोर्ड 12वीं का रिजल्ट जारी: 89.79% छात्र हुए पास, पिछले साल के मुकाबले गिरा ग्राफ; ऐसे चेक करें अपनी मार्कशीट

देश-विदेश के 552 शहरों में महामुकाबला

इस बार नीट की परीक्षा सिर्फ भारत के 552 शहरों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों में भी 14 केंद्रों पर इसका आयोजन हो रहा है. पेन-पेपर मोड में होने वाली इस परीक्षा के लिए सुरक्षा के जबरदस्त इंतजाम किए गए हैं. जैमर्स से लेकर बायोमेट्रिक हाजिरी तक, हर कदम पर तकनीक की मदद ली जा रही है. छात्र अपने साथ केवल एडमिट कार्ड, ओरिजिनल आईडी प्रूफ और जरूरी तस्वीरें ही ले जाएं, ताकि जांच के दौरान कोई समस्या न हो.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read