Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

‘ममता दीदी जितना ज़ोर लगाना है लगा लें, चुन-चुनकर बाहर निकालेंगे घुसपैठिये’- अमित शाह

पश्चिम बंगाल के देबरा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने राज्य में बेरोजगारी, कथित भ्रष्टाचार, घुसपैठ और सिंडिकेट राज को लेकर गंभीर आरोप लगाया.

amit-shah-voting-appeal-assam-kerala-puducherry-election-2026

पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर ज़िले के देबरा में शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया. इस रैली में उन्होंने राज्य की सत्ताधारी पार्टी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा. साथ ही उन्होंने लोगों से आगामी मतदान को लेकर भाजपा के पक्ष में वोट देने की अपील भी की है.

अपने संबोधन की शुरुआत में ही अमित शाह ने भीड़ से कहा कि आने वाले चुनाव में लोगों को भाजपा के पक्ष में मतदान करना चाहिए. उन्होंने मंच से अपील करते हुए कहा कि मतदाता कमल के निशान वाला बटन दबाकर बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाएं. उन्होंने दावा किया कि यह चुनाव बंगाल के भविष्य को तय करेगा.

ममता सरकार पर गंभीर आरोप

अमित शाह ने अपने भाषण में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि “मां, माटी और मानुष” के नारे के साथ सत्ता में आई सरकार ने राज्य के युवाओं को बेरोजगारी के हालात में छोड़ दिया है. उनके मुताबिक, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल उठते हैं और किसानों की स्थिति भी बेहतर नहीं हुई है.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार और “कटमनी” की संस्कृति बढ़ी है, और कई जगहों पर कथित तौर पर सिंडिकेट सिस्टम के जरिए कामकाज चलता है. शाह ने कहा कि आम लोगों को सीमेंट, बालू या अन्य जरूरी चीजें खरीदने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

घुसपैठ और कानून व्यवस्था का मुद्दा

अपने भाषण में अमित शाह ने घुसपैठ के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया. उन्होंने दावा किया कि भाजपा सत्ता में आई तो राज्य से घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा. उनके अनुसार, ये लोग स्थानीय युवाओं के रोजगार पर असर डाल रहे हैं और कानून-व्यवस्था के लिए भी चुनौती बने हुए हैं.

इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के बाद ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी जो जनता को परेशान करते हैं.

रोजगार और विकास के बड़े वादे

अमित शाह ने अपने भाषण में कई विकास और कल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने पर बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी. किसानों के लिए भी सालाना सहायता देने की बात कही गई.

उन्होंने घाटाल मास्टर प्लान का भी उल्लेख किया और कहा कि भाजपा सरकार बनने पर इसे तेजी से लागू कर बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा.

रैली के दौरान शाह ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य की राजनीति कुछ परिवारों तक सीमित होती जा रही है और मुख्यमंत्री अपने रिश्तेदारों को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर बंगाल का नेतृत्व राज्य के ही किसी स्थानीय कार्यकर्ता के हाथों में होगा.

यह भी पढ़े: पीएम मोदी ने नीतीश कुमार को दी बधाई, कहा- ‘एक बार फिर संसद में देखना बहुत सुखद होगा’; हरिवंश नारायण पर भी जताया भरोसा

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital