Bharat Express DD Free Dish

‘बंगाल में 2026 में बनेगी भाजपा की सरकार’, कोलकाता आए गृहमंत्री अमित शाह ने ममता बनर्जी को घुसपैठ, भ्रष्टाचार और हिंदुओं के पलायन पर ऐसे कोसा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में थे. यहां उन्होंने कहा— ममता बनर्जी ने बंगाल को घुसपैठ और अत्याचार की भूमि बना दिया है. जनता आगामी चुनाव में टीएमसी को सबक सिखाएगी.

Amit Shah Visit Jammu

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

Vijay Ram Edited by Vijay Ram

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक विशेष संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा.

अमित शाह ने 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा, “बंगाल की जनता 2026 में भाजपा की सरकार बनाएगी. दीदी, आपका समय अब खत्म हो गया है.”

‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री का टीएमसी सरकार पर निशाना

शाह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर भी ममता बनर्जी पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले पर ममता ने चुप्पी साध ली, लेकिन जब भारतीय सेना ने उसका बदला लिया, तो टीएमसी नेताओं ने बेहूदा टिप्पणियां कर इस ऑपरेशन का अपमान किया. शाह ने कहा, “बंगाल की जनता को ममता बनर्जी को सिंदूर की ताकत दिखानी चाहिए.”

टीएमसी ने बंगाल को अपराध, बम विस्फोट और अत्याचार की भूमि बना दिया

उन्होंने घुसपैठ, भ्रष्टाचार और हिंदुओं के पलायन को रोकने की बात भी कही. शाह ने ममता बनर्जी पर बंगाल को अपराध, बम विस्फोट और अत्याचार की भूमि में बदलने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “ममता ‘मां, माटी, मानुष’ का नारा लेकर आईं, लेकिन बंगाल को घुसपैठ और हिंदुओं के साथ अनैतिकता की जगह बना दिया.”

शाह ने यह भी दावा किया कि ममता के शासन में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि सत्ता में आने के बाद हत्याओं के जिम्मेदार लोगों को सजा दी जाएगी, भले ही वे जमीन के नीचे छिपे हों.

2026 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का रोडमैप तैयार किया जा रहा

भाजपा कार्यकर्ताओं की एक विशेष संगठनात्मक बैठक में शाह ने 2026 के चुनाव के लिए भाजपा का रोडमैप भी तैयार किया और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया. उनके इस बयान से पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल मच गई है, और आने वाले दिनों में सियासी माहौल और गरम होने की संभावना है.

यह भी पढ़िए: कोलकाता में गृह मंत्री अमित शाह ने किया केंद्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read