Bengal Re Polling
Bengal Re Polling: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीटों के 15 बूथों पर आज शनिवार को दोबारा मतदान हुआ. सुबह 7 बजे से शुरू हुई री-पोलिंग शाम 6 बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई. इस दौरान केंद्रीय सुरक्षा बल और पुलिस ने कड़ी व्यवस्था के साथ मतदान सुरक्षित रूप से संपन्न कराया. किसी भी जगह से हिंसा, तनाव या मतदान में बाधा की शिकायत सामने नहीं आई.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी पश्चिम बंगाल कार्यालय ने कहा कि शाम 5 बजे तक 15 बूथों पर औसत मतदान 86.90 प्रतिशत दर्ज हुआ.
अंतिम मतदान प्रतिशत नहीं किया गया जारी
डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 बूथों पर मतदान प्रतिशत का आंकड़ा 87.60 प्रतिशत तो वहीं मगराहटा पश्चिम विधानसभा के 11 मतदान केंद्रों पर यह प्रतिशत 86.11 रहा. हालांकि अंतिम मतदान प्रतिशत आंकड़ा अभी जारी नहीं किया गया है. हो सकता है कि शनिवार देर रात या रविवार की सुबह इसे जारी किया जा सकता है.
सीईओ कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक री-पोलिंग वाले इन 15 बूथों पर अंतिम मतदान प्रतिशत 90 से ज्यादा हो सकता है.
इन बूथों पर हुई री-पोलिंग
शनिवार को मगराहाट (पश्चिम) के बूथ संख्या 46, 126, 127, 128, 142, 214, 215, 216, 230, 231 और 232 पर पुनर्मतदान हुआ. वहीं डायमंड हार्बर सीट के बूथ संख्या 117, 179, 194 और 243 पर भी दोबारा मतदान कराया गया.
इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को रिकॉर्ड मतदान हुआ था. दोनों चरणों में औसत मतदान प्रतिशत 93 फीसदी तक पहुंच गया, जो आजादी के बाद राज्य में सबसे अधिक बताया जा रहा है.
त्रिपुरा के नाम है सबसे ज्यादा मतदान का रिकॉर्ड
देशभर में सबसे ज्यादा मतदान का पिछला रिकॉर्ड त्रिपुरा के नाम है, जहां 2013 विधानसभा चुनाव में 91.82 फीसदी मतदान हुआ था.
पश्चिम बंगाल में इससे पहले सबसे अधिक मतदान 2011 विधानसभा चुनाव में हुआ था, जब 34 साल पुराने वाम मोर्चा शासन का अंत हुआ था और ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस सत्ता में आई थी. मतगणना 4 मई को होगी, जिस दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


