Maithili Thakur: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन ने अप्रत्याशित जीत दर्ज की है. बिहार के इतिहास में ये पहली बार हुआ जब किसी गठबंधन ने 243 सीटों में से 202 सीटों पर जीत दर्ज की. इसी चुनाव में बिहार के अलीनगर विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार और लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने शानदार जीत दर्ज की. मैथिली ठाकुर ने जहां 84,915 वोट प्राप्त किये. तो वहीं उनके खिलाफ राजद प्रत्याशी बिनोद मिश्रा को 73185 वोटों से संतोष करना पड़ा. इस चुनाव में मैथिली ठाकुर ने 11730 वोटों से जीत दर्ज की. इसके साथ ही मैथिली ठाकुर कम उम्र में विधानसभा पहुंचने वाली उस जमात में शामिल हो गईं, जिसमें राम विलास पासवान और राजा भैया जैसे दिग्गज मौजूद हैं. इस समय मैथिली ठाकुर की उम्र 25 साल है. आइये उन चुनिंदा नेताओं के बारे में जानते हैं जो बेहद कम उम्र में विधानसभा पहुंचने का कारनाम कर पाने में सफलता हासिल की.
राम विलास पासवान 23 साल में बने थे विधायक
साल 1969 में राम विलास पासवान ने 23 साल की उम्र में संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी से विधानसभा उपचुनाव में भाग लिया और जीत दर्ज की. उससे पहले राम विलास पासवान का IPS में हुआ था, लेकिन उन्होंने नौकरी छोड़कर राजनीति का रूख किया और खगड़िया के अलौली सीट से उपचुनाव जीते.
राजस्थान के उमेद सिंह ने जीता था चुनाव
राजस्थान के बाड़मेर के उमेद सिंह ने 1962 में मात्र 25 साल की उम्र में विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने थे. उन दिनों भारत के सियासत में उमेद सिंह की गिनती भारत के सबसे युवा विधायकों में होती थी. बाद में उमेद सिंह ने 1980 और 1985 के विधानसभा चुनावों में भी जीत दर्ज की थी.
राजा भैया बने 24 साल की उम्र में विधायक
उत्तर प्रदेश की सियासत में रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के नाम का सिक्का चलता है. जितना बड़ा उनका भौकाल है उतनी ही उनकी सियासत में आने की कहानी भी. उन्होंने प्रतापगढ़ के कुंडा विधानसभा सीट से 1993 में पहली बार चुनाव लड़ा और विधायक बन गए. उस समय राजा भैया की उम्र महज 24 साल थी. उन्होंने अपना पहला चुनाव निर्दलीय के तौर पर जीता था.
आदित्य सुरजेवाला 25 साल की उम्र में गए विधानसभा
हरियाणा के हिसार के दिग्गज कांग्रेस नेता रणजीत सिंह सुरजेवाला के बेटे आदित्य सुरजेवाला भी इस लिस्ट में आते हैं. उन्होंने साल 2024 में हरियाणा विधानसभा चुनाव में मात्र 25 साल की उम्र में चुनाव जीतकर सबसे युवा विधायक बनने का तमगा हासिल किया. आदित्य ने कैथल विधानसभा सीट से जीत हासिल की थी.
ये भी पढ़ें- चुनाव आयोग के दावे फेल! इतिहास बनते-बनते रह गया बिहार चुनाव; कैमूर, मोकामा बने दाग
अरुण वर्मा सुल्तानपुर से बने विधायक
उत्तर प्रदेश सुल्तानपुर जिले की सदर सीट से अरुण वर्मा ने साल 2012 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की. उस समय उनकी उम्र महज 25 साल थी. उस समय अरुण वर्मा की गिनती यूपी के सबसे युवा विधायकों में होती थी. उन्होंने आदर्श युवा विधायक का पुरस्कार भी जीता था.
अब मैथिली ठाकुर भी इस लिस्ट में बनाई जगह
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बिहार के अलीनगर सीट से बीजेपी उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने जीत दर्ज कर इस कतार में जगह बना ली है. इस समय मैथिली की उम्र मात्र 25 साल है. अब मैथिली की गिनती भी देश के उन चुनिंदा युवा विधायकों में हो रही है, जिन्होंने बेहद छोटी उम्र में जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचने का रिकॉर्ड कायम किया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




