Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में हुए मतदान का चुनाव आयोग ने फाइनल आंकड़ा जारी कर दिया है. चुनाव आयोग के द्वारा जारी नए आंकड़ों के मुताबिक पहले फेज में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर कुल वोटिंग 65.08 प्रतिशत हुई. ताजा आंकड़ों के मुताबिक मुजफ्फरपुर जिले में 71.81 प्रतिशत वोटिंग हुई. वहीं सबसे कम वोटिंग पटना जिले में हुई. पटना जिले में वोटिंग 59.02 प्रतिशत हुई.
इस बार के चुनाव की खास बात ये रही कि किसी भी दल या उम्मीदवार ने पहले चरण के वोटिंग के दौरान किसी प्रकार की शिकायत नहीं की और ना ही किसी सीट पर दोबारा मतदान की मांग की गई.

EVM रखा गया सुरक्षित
पुनर्मतदान को लेकर बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि, पहले चरण का मतदान खत्म होने के बाद सभी ईवीएम को सुरक्षित रख दिया गया है. निर्वाचन आयोग ने कहा कि सभी ईवीएम को त्रिस्तरीय सुरक्षा के साथ संबंधित विधानसभा के स्ट्रॉन्ग रूम में सील कर सुरक्षित किया गया है. इसे अब 14 नवंबर को मतगणना के दिन ही खोला जाएगा.
पिछली बार के मुकाबले 8 प्रतिशत बढ़ोतरी
इस बार के विधानसभा चुनाव में 2020 के मुकाबले 7.79 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. चुनाव आयोग के अनुसार पिछले विधानसभा चुनाव में 57.29 प्रतिशत मतदान हुआ था.
ये भी पढ़ें- तेज प्रताप यादव के लिए बीजेपी के दरवाजे खुले! इस सांसद ने दे दिया बड़ा संकेत, अब क्या होगा राजद नेता का अगला दांव?
किसी बूथ पर नहीं होगा पुनर्मतदान
चुनाव आयोग ने पहले चरण के मतदान के बाद शुक्रवार को कहा कि मतदान के बाद सभी 121 सीटों में रिटर्निंग अधिकारियों और जनरल ऑब्जर्वरों की मौजूदगी में पूरे दस्तावेजों की जांच की गई. इस दौरान 455 उम्मीदवारों और पोलिंग एजेंटों ने हिस्सा लिया.
चुनाव आयोग के मुताबिक जांच के दौरान किसी भी पोलिंग बूथ पर कोई कदाचार की शिकायत नहीं दर्ज की गई. इस वजह से कहीं पर भी पुनर्मतदान की सिफारिश नहीं दर्ज की गई.
पहले चरण में जिलावार मतदान प्रतिशत यहां देखें-
- मुजफ्फरपुर 71.81%
- समस्तीपुर 71.74%
- बेगूसराय 69.87%
- मधेपुरा 69.59%
- सहरसा 69.38%
- वैशाली 68.50%
- खगड़िया 67.90%
- गोपालगंज 66.64%
- लखीसराय 64.98%
- सारण 63.86%
- दरभंगा 63.66%
- मुंगेर 62.74%
- शेखपुरा 61.99%
- बक्सर 61.97%
- सीवान 60.61%
- भोजपुर 59.90%
- नालंदा 59.81%
- पटना 59.02%
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

