High Profile Bihar Election Candidates: बिहार विधानसभा चुनाव का महासंग्राम अब अपने निर्णायक दौर में है. 11 नवंबर को दूसरे चरण में कुल 122 सीटों पर मतदान हो रहा है. जिसमें यह तय होगा कि बिहार में अगले 5 साल कौन सत्ता में रहेगा. इस चुनाव में 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं. खास बात ये है कि इन उम्मीदवारों में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है, जिसमें 12 मंत्री, एक पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शामिल हैं.
विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बिहार के कई बड़े नाम मैदान में हैं. तीन प्रमुख दलों के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं. जिसमें कुटुंबा से कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम, गोविंदगंज से लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष राजू तिवारी और टेकारी से हिंदुस्तानी आवामी मोर्चा (हम) के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार हैं. इसके अलावा सिकंदरा से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी और कटिहार से पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. इसके अलावा कई मंत्री भी इस चुनावी समर में ताल ठोंक रहे हैं. जिसमें झंझारपुर से नीतीश मिश्रा, छातापुर से नीरज सिंह बबलू, सुपौल से बिजेंद्र प्रसाद यादव, फुलपरास से शिला मंडल और बेतिया से रेणु देवी शामिल हैं.
बाहुबली आनंद मोहन के बेटे भी चुनावी समर में उतरे
इसके अलावा कई अन्य चर्चित चेहरे भी बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में चर्चा में हैं. जिसमें बिहार के बाहुबली आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद, भाजपा के पूर्व सांसद की बहू स्मिता गुप्ता और रालोम प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेह लता शामिल हैं. आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद औरंगाबाद के नवीनगर से चुनावी समर में हैं. वहीं स्मिता गुप्ता औरंगाबाद से अपना राजनीतिक भविष्य तलाश रही हैं.
ये भी पढ़ें- बिहार विधानसभा चुनाव का अंतिम चरण आज, 3.70 करोड़ मतदाता तय करेंगे 122 सीटों का भविष्य
3.7 करोड़ मतदाता तय करेंगे सियासी भविष्य
बता दें कि बिहार चुनाव के दूसरे चरण के मतदान में 3.7 करोड़ मतदाता शामिल होंगे. जिसमें 1.73 करोड़ महिलाएं हैं. जिसके लिए 45,399 मतदान केंद्र बनाये गए हैं. चुनाव शांतिपूर्ण हो इसके लिए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये हैं. यूपी, झारखंड, नेपाल और बंगाल के बॉर्डर को सील कर दिया गया है. इस चरण में सबसे अधिक उम्मीदवार कैमूर के चैनपुर विधानसभा सीट पर उतरे हैं. जिसपर जदयू के नेता और मंत्री जमा खान मुख्य उम्मीदवार हैं. चुनाव का परिणाम 14 नवंबर को घोषित किया जाएगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





