Urdu Conclave 2026

Bihar Chunav 2025: 61 सीटों पर निर्णायक जंग, मगध, शाहाबाद, सीमांचल में नए समीकरण, क्या इस बार बदलेगी NDA की किस्मत?

Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा के दूसरे चरण के मतदान में सबसे ज्यादा नजर सीमांचल, मगध और शाहाबाद क्षेत्रों पर टिकी हुई हैं. इन 11 जिलों की 61 सीटों पर आने वाले चुनाव नतीजों पर ही बिहार की सियासत टिकी हुई है.

Bihar Chunav 2025

Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शुरू हो गया है. इस चरण में 122 सीटों पर कुल 3 करोड़ 70 लाख मतदाता 1302 उम्मीदवारों का भविष्य तय करेंगे. इन उम्मीदवारों में आधा दर्जन से अधिक उम्मीदवार नीतीश सरकार में मंत्री हैं. दूसरे चरण में मतदान के लिए 45,399 मतदान केंद्र बनाये गए हैं.

विधानसभा चुनाव के पहले चरण में हुए बंपर वोटिंग ने सभी पार्टियों के कान खड़े कर दिये हैं. पहले चरण में 121 सीटों पर 65.08 प्रतिशत मतदान हुआ था. हमेशा की तरह इस बार भी बिहार चुनाव में सबकी नजरें महिला वोटरों पर टिकी हुई है, क्योंकि कुल मतदाताओं में 1.75 करोड़ मतदाता महिलाएं हैं. जिन्हें आमतौर पर नीतीश कुमार का वोटर माना जाता है. नवादा जिले के हिसुआ सीट पर सबसे ज्यादा मतदाता 3.67 लाख हैं.

दूसरे चरण में बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों में चुनाव होने हैं. इसलिए पुलिस प्रशासन काफी मुस्तैद है. चुनाव में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी या हिंसा ना हो इसे रोकने के लिए बिहार पुलिस ने नेपाल, यूपी और झारखंड की सीमाओं को सील कर दिया है. इसके अलावा ड्रोन से बूथों की निगरानी की जा रही है.

11 जिलों में 61 सीटों पर नजर

बिहार विधानसभा के दूसरे चरण के मतदान में सबसे ज्यादा नजर सीमांचल, मगध और शाहाबाद क्षेत्रों पर टिकी हुई हैं. इन 11 जिलों की 61 सीटों पर आने वाले चुनाव नतीजों पर ही बिहार की सियासत टिकी हुई है. सीमांचल के 4, मगध के 5 और शाहबाद के 2 जिलों पर जिस दल का कब्जा होगा, बिहार में उसी की सरकार बनेगी.

2020 के चुनाव में NDA को लगा था झटका

यह चुनाव एनडीए के लिए अग्निपरीक्षा जैसा है, क्योंकि 2020 के विधानसभा चुनाव में इन क्षेत्रों में बीजेपी को काफी झटका लगा था. यहां ना सिर्फ एनडीए फिसड्डी साबित हुआ, बल्कि नए सिरे से जातीय और क्षेत्रीय समीकरण भी बनते और टूटते देखा गया. इसलिए यह चुनाव काफी दिलचस्प माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- बिहार विधानसभा चुनाव का अंतिम चरण आज, 3.70 करोड़ मतदाता तय करेंगे 122 सीटों का भविष्य

61 सीटों में से 42 सीटों पर महागठबंधन मजबूत

2020 के विधानसभा चुनाव में इन 61 सीटों में से महागठबंधन ने 42 सीटों पर जीत दर्ज की थी. वहीं एनडीए के खाते में सिर्फ 18 और एआईएमआईएम ने 1 सीट पर जीत दर्ज की थी. सीमांचल और मगध में जहां राजद ने अपना दबदबा दिखाया. तो वहीं शाहाबाद में एनडीए मजबूत दिखी.

सीमांचल में दिख रहे नए समीकरण

इस बार सीमांचल में नए समीकरण देखने को मिल रहे हैं. कभी यादव-मुस्लिम गठजोड़ से सीमांचल में एकतरफा जीत दर्ज करने वाले आरजेडी को इस बार काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. 2020 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो सीमांचल में महागठबंधन को सबसे बड़ी चोट AIMIM ने दी. राजद को पछाड़ते हुए AIMIM ने 5 सीटों पर जीत दर्ज कर इस इलाके में अपना दबदबा कायम किया. अब एक बार फिर सीमांचल में AIMIM अपना दावा पेश किया है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read