Bharat Express DD Free Dish

Bihar election 2025: फ्लाइंग स्क्वॉड और सी-विजिल ऐप से चुनाव व्यवस्था दुरुस्त, आचार संहिता उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई

बिहार समेत अन्य राज्यों में विधानसभा चुनाव और उपचुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के कड़ाई से पालन को सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने निगरानी तेज कर दी है.

Bihar election 2025: बिहार समेत देश के अन्य राज्यों में विधानसभा चुनाव और उपचुनाव के मद्देनज़र आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) के सख्त अनुपालन को लेकर केंद्रीय निर्वाचन आयोग (ECI) की निगरानी लगातार तेज हो रही है. आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक राज्य में प्रवर्तन एजेंसियों की कार्रवाई में 71.32 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की नकदी, शराब, ड्रग्स, कीमती धातुएं जब्त की गई है.

राज्यभर में कुल 824 फ्लाइंग स्क्वॉड दल तैनात किए गए हैं, जो किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई कर रहे हैं. निर्वाचन आयोग की सी-विजिल ऐप के माध्यम से अब तक कुल 650 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें से 649 मामलों का समाधान कर दिया गया है. इनमें से 94 प्रतिशत मामलों का निपटारा 100 मिनट के भीतर किया गया है.

हर शिकायत पर कड़ी नजर

आयोग ने तकनीक के व्यापक इस्तेमाल पर बल दिया है ताकि चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और प्रभावी बनाया जा सके. इसके तहत 1950 हेल्पलाइन नंबर और कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय हैं, जहां नागरिक फोन के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.

जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि 6 अक्टूबर से अब तक जिले में सी-विजिल ऐप के माध्यम से 10 मामले दर्ज किए गए हैं. इनमें से दीघा विधानसभा क्षेत्र में 8, जबकि फतुहा और बांकीपुर में 1-1 मामला सामने आया है. सभी शिकायतों की जांच कर आयोग के निर्देशानुसार कार्रवाई की गई है. आचार संहिता के पालन को लेकर जिले में 78 फ्लाइंग स्क्वॉड, 183 स्टैटिक सर्विलांस टीम, 44 वीडियो निगरानी टीमें, 34 बार्डर चेक पोस्ट और 8 मल्टी-एजेंसी चेकपोस्ट  सक्रिय हैं.

डिजिटल टूल्स के माध्यम से पारदर्शिता बढ़ाने के लिए निर्वाचन आयोग ने ऐप भी लॉन्च किया हैं.

KYC ऐप (Know Your Candidate): इसके ज़रिए मतदाता अपने क्षेत्र के प्रत्याशियों की शैक्षणिक योग्यता, आपराधिक रिकॉर्ड और संपत्ति आदि की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.

सक्षम ऐप: विशेष रूप से दिव्यांग मतदाताओं के लिए विकसित इस ऐप से व्हीलचेयर, परिवहन सहायता और वालंटियर सेवा का अनुरोध किया जा सकता है.

सी-विजिल ऐप: यह नागरिकों को चुनाव के दौरान किसी भी गड़बड़ी की शिकायत फोटो या वीडियो सहित दर्ज करने की सुविधा देता है.

ये भी पढ़ें- तेजस्वी यादव का दावा, बिहार में बदलाव की लहर, संविदाकर्मियों और जीविका दीदियों को मिलेगा न्याय

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read