Bihar Chunav 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर महागठबंधन के अंदर घमासान मचा हुआ है. महागठबंधन की दो सबसे बड़ी पार्टियां राजद और कांग्रेस इस चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीटों पर अपने प्रत्याशियों को उतारने की रणनीति बना रही हैं. इसी टकराव से बचने के लिए आज दिल्ली में कांग्रेस और राजद के बीच अहम बैठक होने वाली है.
इस बैठक में महागठबंधन के अन्य दल भी भाग लेंगे. सूत्रों के अनुसार जहां कांग्रेस इस विधानसभा चुनाव में अपने लिए 70 सीटों की मांग कर रही है. वहीं राजद कांग्रेस को 40 सीटों से ज्यादा देना नहीं चाहती. अब आज दिल्ली में होने वाली महागठबंधन की बैठक पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं.
2020 में 70 सीटों पर कांग्रेस ने लड़ा था चुनाव
अगर साल 2020 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो उस समय भी कांग्रेस को 70 सीटें मिली थी. लेकिन कांग्रेस सिर्फ 19 सीटें जीत पाई थी. वहीं आरजेडी ने 144 सीटों पर चुनाव लड़ा था. जिसमें से उसने 75 सीटों पर जीत दर्ज की थी. तेजस्वी यादव पिछली बार के नतीजों को देखते हुए ये चाहते हैं कि बिहार में कांग्रेस को कम से कम सीटें दी जाए. जिससे महागठबंधन के अन्य दलों को अपनी ताकत दिखाने का मौका मिल सके.
वोटर अधिकार यात्रा से कांग्रेस के बढ़े हौसले
बिहार में चुनाव आयोग के द्वारा कराये जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राहुल गांधी ने कुछ दिनों पहले बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाली थी. जो बिहार के कई जिलों से होकर गुजरी. इस यात्रा में महागठबंधन के सभी प्रमुख नेता शामिल रहे. इसके अलावा INDIA ब्लॉक के कई नेताओं ने भी बिहार में निकाले जा रहे वोटर अधिकार यात्रा में हिस्सा लिया. इस यात्रा का मकसद बिहार में कांग्रेस के जनाधार को फिर से मजबूत करना और महागठबंधन के बीच अपनी दावेदारी को पेश करना था.
राहुल गांधी भी बैठक में रहेंगे शामिल
आज की इस बैठक में कांग्रेस से राहुल गांधी, बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अलवरू, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के साथ आरजेडी नेता तेजस्वी यादव मौजूद रहेंगे. राजनीतिक हलकों में ये चर्चा चल रही है कि आज ही महागठबंधन के दलों के बीच सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- “हम सालों से जानते हैं उनका चाल-चरित्र…”, बिहार चुनाव से पहले चिराग पासवान पर क्यों गरम हो गए जीतन राम मांझी
सीपीआई कर रही अलग मांग
वहीं इस बैठक में महागठबंधन के अन्य दल भी अपना पक्ष मजबूती से रख रहे हैं. पिछले कुछ चुनावों में बिहार में सीपीआई ने भी जबरदस्त प्रदर्शन किया है. इसलिए इस बैठक में सीपीआई भी ज्यादा से ज्यादा सीटें पाने की कोशिश कर रही है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


