Bihar News: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. भारत निर्वाचन आयोग की टीम 4 और 5 अक्टूबर को राज्य का दौरा करेगी, जिससे माना जा रहा है कि जल्द ही चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है. चर्चा है कि 6 या 7 अक्टूबर को आचार संहिता लागू हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
बिहार जाएगी टीम
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग की टीम बिहार पहुंचेगी. वहां वे राज्य के मुख्य सचिव, डीजीपी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे. इस दौरान हर जिले की मतदाता सूची की बारीकी से जांच की जाएगी और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी.
3 अक्टूबर को अहम बैठक
इस दौरे से पहले 3 अक्टूबर को दिल्ली के द्वारका स्थित IIIDEM (इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट) में एक अहम बैठक होगी. इसमें बिहार चुनाव के लिए नियुक्त सभी ऑब्जर्वर शामिल होंगे और उन्हें आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी.
SIR अंतिम चरण में
बिहार में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अंतिम चरण में है और 30 सितंबर को अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी. आयोग राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी बैठक करेगा ताकि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जा सके.
कब समाप्त होगा विधानसभा का कार्यकाल
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा का म 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है. संविधान के अनुसार इससे पहले चुनाव कराना अनिवार्य है. ऐसे में चुनाव आयोग अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है.
चुनाव आयोग के दौरे की खबर के बाद एनडीए और महागठबंधन दोनों ही खेमों में हलचल तेज हो गई है. सभी दलों ने अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है और अब सबकी निगाहें चुनाव तारीखों के ऐलान पर टिकी हैं. बिहार की सियासत में एक बार फिर गर्मी लौट आई है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


