Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

“जहर मिलाकर हरियाणा से भेजा जा रहा पानी”, Arvind Kejriwal के आरोपों पर मचा घमासान, अब केस करने की तैयारी में सैनी सरकार

पोस्ट में आगे केजरीवाल को कलयुग का कालिया नाग बताया गया है, जिसने 2020 में झूठा वादा किया था कि अगर यमुना को दूषित होने से नहीं बचाया तो कभी वोट नहीं मांगने आऊंगा.

Nayab Singh Saini

हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल.

यमुना नदी पर दिए बयान को लेकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किल बढ़ सकती है. जहां एक तरफ हरियाणा सरकार ने उन पर मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की बात कही है तो वहीं दूसरी तरफ भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग में भी केजरीवाल की शिकायत करेगा. दरअसल, केजरीवाल ने सोमवार को दावा करते हुए हरियाणा सरकार पर आरोप लगाया था कि यमुदा नदी में जहर मिलाकर भेजा जा रहा है.

सीएम सैनी ने किया पलटवार

केजरीवाल के आरोप पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा, “केजरीवाल ने यह बयान देकर साबित कर दिया है कि वह सस्ती राजनीति के लिए कुछ भी कर सकते हैं. जिस धरती पर वह पैदा हुए वहां का अपमान किया है. हम लोग यमुना नदी को पवित्र मानते हैं. यहां के लोग नदी में जहर क्यों मिलाएंगे. 2020 में केजरीवाल ने कहा था कि यमुना नदी को साफ करेंगे नहीं तो वोट मांगने नहीं आएंगे. केजरीवाल वादा पूरा करने में फेल हुए तो दिल्ली के लोगों को गुमराह कर रहे हैं. केजरीवाल इस बयान के लिए माफी मांगे नहीं तो हम उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएंगे.”

बीजेपी ने दिया जवाब

हरियाणा सरकार पर लगे आरोप पर हरियाणा भाजपा की ओर से भी जवाब आया. हरियाणा भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया.

पोस्ट में लिखा कि अपनी घटिया और कुत्सित राजनीतिक हित साधने के लिए किस हद तक कोई गिर सकता है इसका उत्कृष्ट उदाहरण अरविंद केजरीवाल है. हरियाणा की मिट्टी में दुर्भाग्य वश पैदा हुआ ये कपूत, हरियाणवियों को जी भर-भर के गालियां देता है, ताकि दिल्ली के चुनाव में राजनीतिक लाभ उठाया जा सके. यमुना में जहर मिलाने का पाप कोई भी सच्चा हरियाणवी नहीं कर सकता लेकिन द्वापर युग में कालिया नाग ने यमुना नदी को विषैला करने की कोशिश की थी.”

केजरीवाल को बताया कलयुग का नाग

पोस्ट में आगे केजरीवाल को कलयुग का कालिया नाग बताया गया है, जिसने 2020 में झूठा वादा किया था कि अगर यमुना को दूषित होने से नहीं बचाया तो कभी वोट नहीं मांगने आऊंगा. केजरीवाल को आगामी चुनाव में दिल्ली की जनता उसी तरह नाथने का काम करेगी, जैसा द्वापर युग में भगवान श्री कृष्ण ने कालिया नाग को किया था.

केजरीवाल ने क्या कहा था?

मालूम हो कि अरविंद ने सोमवार (27 जनवरी) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया था. पोस्ट में उन्होंने लिखा, “लोगों को प्यासा मारने से बड़ा पाप नहीं होता. अपनी गंदी राजनीति के लिए भाजपा दिल्ली वालों को प्यासा मारना चाहती है. हरियाणा से भाजपा वाले पानी में जहर मिलाकर दिल्ली भेज रहे हैं. अगर ये पानी दिल्ली वालों ने पी लिया तो कई लोग मर जाएंगे. क्या इस से घिनौना काम कोई हो सकता है. जो जहर पानी में मिलाकर भेजा जा रहा है, वो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में साफ भी नहीं हो सकता. दिल्ली के लोगों की सुरक्षा के लिए कई इलाकों में पानी बंद करना पड़ रहा है. हमारी कोशिश है कि लोगों को कम से कम तकलीफ हो. भाजपा वाले दिल्ली वालों का मास मर्डर करना चाहते हैं. हम ये बिल्कुल नहीं होने देंगे.”

यह भी पढ़ें- Delhi Election: यमुना में जहर या सियासत का कहर? CM आतिशी की शिकायत पर EC ने हरियाणा से मांगी रिपोर्ट

सीएम आतिशी ने भी लगाए थे आरोप

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने भी पोस्ट करके लिखा था, “चुनाव में हार के डर से भाजपा दिल्ली वालों को प्यासा मारना चाहती है. भाजपा अपनी हरियाणा सरकार से यमुना नदी में जहरीला पानी छुड़वा रही है. पानी में इतना अमोनिया है कि दिल्ली के 3 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद होने की कगार पर हैं. दिल्ली के 30 फीसदी लोगों को पानी नहीं मिलेगा. हिंदू धर्म में पानी रोकने से बड़ा कोई पाप नहीं होता. दिल्ली के लोग भाजपा वालों को इस पाप का जवाब 5 फरवरी को देंगे.”

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital