Bharat Express DD Free Dish

Delhi Election 2025: रैली के दौरान अमित शाह का बड़ा बयान, कहा- केजरीवाल और आतिशी दोनों हारेंगे अपनी सीट

दिल्ली चुनाव में गृह मंत्री अमित शाह ने केजरीवाल सरकार पर झूठ की राजनीति का आरोप लगाया और बीजेपी की गरीब कल्याण योजनाओं को मजबूत बताया.

Amit Shah

गृहमंत्री अमित शाह (फाइल फोटो)

Prashant Rai Edited by Prashant Rai

Delhi Election 2025: दिल्ली चुनाव को लेकर मंगलवार (28 जनवरी) को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बदरपुर विधानसभा में एक रैली को संबोधित किया. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग और बीजेपी कार्यकर्ता उन्हें सुनने पहुंचे. रैली के दौरान अमित शाह ने एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में आम आदमी पार्टी (आप) और अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरे और अन्य मुद्दों पर भी खुलकर बात की.

गरीब कल्याण योजनाओं पर बोले अमित शाह

अमित शाह ने कहा कि बीजेपी ने कभी भी गरीब कल्याण की योजनाओं को बंद नहीं किया है. मोदी सरकार ने 2014 के बाद गरीब कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू कीं. उन्होंने कहा, “चाहे इलाज की बात हो, घर हो, शौचालय हो, राशन हो या गैस सिलेंडर, ये सभी योजनाएं बीजेपी ने दी हैं. दूसरी तरफ, केजरीवाल ने सिर्फ फ्री योजनाओं पर ध्यान दिया और इंफ्रास्ट्रक्चर को नजरअंदाज कर दिया.” शाह ने यह भी कहा कि बीजेपी ने न केवल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया, बल्कि गरीब कल्याण की योजनाओं को भी सफलतापूर्वक लागू किया.

जब उनसे पूछा गया कि दिल्ली में बीजेपी की जीत के बाद मुख्यमंत्री कौन होगा, तो अमित शाह ने साफ कहा, “केजरीवाल खुद नई दिल्ली से हारने जा रहे हैं. आतिशी भी हार रही हैं. फिलहाल हमारा एजेंडा जीतना है. सीएम का नाम बाद में तय करेंगे. सभी 70 उम्मीदवारों को लगता है कि वे सीएम बन सकते हैं, लेकिन कोई भी सीएम बन सकता है.”

AAP के जहर वाले बयान पर जवाब

अमित शाह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और उनकी सरकार झूठ की राजनीति कर रही है. उन्होंने कहा, “झूठ की उम्र लंबी नहीं होती. केजरीवाल ने दिल्ली में सिर्फ अव्यवस्था फैलाई है. अब दिल्ली के लोग उनकी हकीकत समझ चुके हैं.”

अमित शाह ने आम आदमी पार्टी के उस आरोप पर पलटवार किया जिसमें कहा गया कि हरियाणा सरकार यमुना में जहर मिला रही है. उन्होंने कहा, “मैंने पूछा है कि कौन सा जहर मिलाया गया है? उसकी रिपोर्ट कहां है? अगर पानी रोका गया होता, तो कई गांव डूब जाते. लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ. ये सब झूठ बोलकर जनता को डराने और चुनाव जीतने की चाल है. हरियाणा सरकार अब इस पर आप के खिलाफ केस दर्ज करने जा रही है.”

कांग्रेस पर साधा निशाना

अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी हमला किया. उन्होंने कहा, “खड़गे जी कुंभ की डुबकी को गरीबों की भूख से जोड़ते हैं. मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि अगर उन्होंने डुबकी नहीं लगाई, तो क्या गरीबों का कल्याण हो गया?” उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस परंपराओं का विरोध करती है, जबकि बीजेपी सनातन धर्म और संस्कृति का सम्मान करती है.

अमित शाह ने कहा कि केजरीवाल और आतिशी अपनी सीटों पर हारने वाले हैं. उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में इस बार बीजेपी की जीत तय है. उन्होंने कहा, “हम कांग्रेस की राजनीति के खिलाफ बने हैं और उनके साथ कभी समझौता नहीं करेंगे.”


ये भी पढ़ें- वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की EC से मांग, कहा- केजरीवाल के चुनाव प्रचार पर लगाई जाए रोक


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read