पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (Bengal Election 2026) के मतदान से ठीक पहले सूबे की सियासत में जबरदस्त उबाल आ गया है. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कथित कोयला घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राजनीतिक परामर्शदाता फर्म I-PAC के को-फाउंडर और डायरेक्टर विनेश चंदेल को गिरफ्तार कर लिया है. सोमवार (13 अप्रैल) रात हुई इस गिरफ्तारी के बाद दिल्ली की एक विशेष अदालत ने चंदेल को 10 दिन की ED कस्टडी में भेज दिया है.
क्या है पूरा मामला?
ED की यह कार्रवाई नवंबर 2020 में CBI द्वारा दर्ज की गई उस FIR पर आधारित है, जिसमें ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) की खदानों से करोड़ों रुपये की कोयला चोरी का आरोप है.
हवाला का आरोप: ED का दावा है कि एक ‘हवाला’ ऑपरेटर ने I-PAC की रजिस्टर्ड यूनिट के लिए करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन में मदद की थी.
लगातार छापेमारी: इस मामले में ED पहले भी I-PAC के दफ्तरों, ऋषि राज सिंह (बेंगलुरु) और विजय नायर (मुंबई) के ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है.
TMC का पलटवार: ‘बंगाल झुकेगा नहीं’
चुनाव से ठीक 10 दिन पहले हुई इस कार्रवाई को तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने सोची-समझी साजिश करार दिया है.
अभिषेक बनर्जी का बयान: TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कहा कि यह गिरफ्तारी ‘लेवल प्लेइंग फील्ड’ के विचार को खत्म करने जैसी है. उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि अमित शाह और भाजपा अपनी सभी एजेंसियों के साथ बंगाल आ जाएं, लेकिन बंगाल को धमकाया नहीं जा सकता. यह जमीन दबाव का जवाब विरोध से देना जानती है.
ममता बनर्जी का रुख: मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि एजेंसियां चुनाव से ठीक पहले उनकी चुनावी रणनीति से जुड़े गोपनीय दस्तावेज हासिल करने की कोशिश कर रही हैं.
ये भी पढ़ें: ‘कुर्सी छोड़ते ही करीबी पर गिरी गाज!’…नीतीश के दिल्ली जाते ही बाहुबली पप्पू पांडेय पर क्यों हुआ पुलिसिया प्रहार?
सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा मामला
यह मामला (ED arrest I-PAC director) उस समय और भी पेचीदा हो गया जब ED ने सुप्रीम कोर्ट का रुख कर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा ‘सत्ता के दुरुपयोग’ की CBI जांच की मांग की. दरअसल जनवरी में हुई एक छापेमारी के दौरान ममता बनर्जी खुद मौके पर पहुंच गई थीं, जिसके बाद विवाद बढ़ा था. पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होना है, ऐसे में इस गिरफ्तारी ने चुनावी जंग को और भी कड़ा बना दिया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


