Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

‘जॉकी की टी-शर्ट…एडिडास के मोजे और 4 हजार का लॉरियल शैंपू’, ऑब्जर्वर के खर्चे सुनकर EC भी हैरान, जानें पूरा मामला

मो. जुबैर अली हाशमी के कहने पर संपर्क पदाधिकारी ने उनकी पत्नी हादिया हुसैन और उनके बेटे-बेटियों के दिल्ली से रांची और रांची से दिल्ली जाने के लिए हवाई टिकटें खरीदी.

Election Commission

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार.

Jharkhand Election: भारत के निर्वाचन आयोग ने झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए जनरल ऑब्जर्वर के तौर पर तैनात किए गए त्रिपुरा कैडर के आईएएस अफसर मो. जुबैर अली हाशमी के खिलाफ गंभीर शिकायतें मिलने के बाद उन्हें वापस बुला लिया है.

उन्होंने सरकार के पैसे से निजी उपयोग के लिए चप्पल, अंडरगारमेंट, एयरपॉड्स, मोजे, टी-शर्ट सहित कई सामान खरीदवाए. इतना ही नहीं, पत्नी और बच्चों की हवाई यात्रा के लिए एयर टिकट भी सरकारी खर्चे पर बनवाए. इसकी जानकारी सामने आने के बाद राज्य के मुख्य निर्वाचन आयुक्त के. रवि कुमार की अनुशंसा पर आयोग ने उन्हें चुनाव की ड्यूटी से तत्काल हटा दिया है.

त्रिपुरा कैडर के आईएएस हैं हाशिम

मो. जुबैर अली हाशमी 2008 बैच के त्रिपुरा कैडर के आईएएस हैं. आयोग के निर्देश पर उन्हें झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पूर्वी सिंहभूम जिले की पोटका सीट पर जनरल ऑब्जर्वर के तौर पर प्रतिनियुक्त किया गया था. प्रोटोकॉल के तहत, पूर्वी सिंहभूम के जिला निर्वाचन पदाधिकारी के आदेश पर उनके लिए संपर्क पदाधिकारी के तौर पर पथ निर्माण विभाग के एक सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार मिश्र को प्रतिनियुक्त किया गया था.

यह भी पढ़ें- Prashant Kishor का Lalu और Nitish पर बड़ा हमला, कहा- दोनों ने Bihar को ‘मजदूर सप्लाई करने वाला राज्य’ बना दिया

झारखंड पहुंचते ही उन्होंने संपर्क पदाधिकारी के जरिए सरकार के खर्चे पर जमकर खरीदारी कराई. उनकी लगातार फरमाइशों से परेशान होकर संपर्क पदाधिकारी ने अंततः जिला निर्वाचन पदाधिकारी को इसकी लिखित शिकायत दी. इसके बाद बात राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी तक पहुंची.

ऑब्जर्वर के संपर्क पदाधिकारी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त को लिखे पत्र में विस्तार से बताया कि मो. जुबैर अली हाशमी ने किस तरह निजी उपयोग के लिए खरीदारी कराई और कैसी-कैसी फरमाइश रखीं.

क्या-क्या मंगवाया?

पत्र में बताया गया है 24 अक्टूबर को आईएएस हाशमी बतौर ऑब्जर्वर रांची एयरपोर्ट पहुंचे तो संपर्क पदाधिकारी ने उन्हें रिसीव कर रात 8 बजे जमशेदपुर के चमरी गेस्ट हाउस में पहुंचाया, जहां जिला प्रशासन की ओर से उनके रहने की व्यवस्था की गई थी. लेकिन, यह जगह उन्हें रास नहीं आई. फिर, उन्हें जमशेदपुर स्थित सर्किट हाउस में कमरा आवंटित किया गया. यहां कमरे में तमाम व्यवस्था होने के बावजूद उन्होंने संपर्क पदाधिकारी को रात 9 बजे व्यक्तिगत उपयोग की वस्तुओं की लिस्ट थमाई और बाजार से खरीदकर लाने को कहा. उनकी मांग पर 6,999 रुपए में स्केचर ब्रांड का स्लीपर, 4,025 रुपए में लॉरियल का शैंपू, कंडीशनर, रेजर, मैसूर सैंडल साबुन सहित अन्य सामान खरीदे गए.

खुद खरीदारी के लिए पहुंचे शॉपिंग मॉल

सर्किट हाउस में भोजन की व्यवस्था होने के बावजूद उन्होंने होटल से खाना मंगवाया. दूसरे दिन ऑब्जर्वर खुद जमशेदपुर के एक मॉल में पहुंच गए और वहां 3,740 रुपए में जॉकी ब्रांड की टी-शर्ट और अंडरगारमेंट, 799 रुपए में एडिडास के मोजे खरीदवाए. उनकी खरीदारी यहीं नहीं रुकी, उन्होंने 24,999 रुपए में एप्पल का एयरपॉड्स भी संपर्क पदाधिकारी से खरीदवाया.

मो. जुबैर अली हाशमी के कहने पर संपर्क पदाधिकारी ने उनकी पत्नी हादिया हुसैन और उनके बेटे-बेटियों के दिल्ली से रांची और रांची से दिल्ली जाने के लिए हवाई टिकटें खरीदी. उन्होंने एप्पल का आईपैड और इसी ब्रांड का पेंसिल-प्रो खरीदकर लाने का आदेश दिया था, जिसकी कीमत करीब 1 लाख रुपए है.

उनकी लगातार फरमाइशों के बाद संपर्क पदाधिकारी ने हाथ खड़े कर दिए और जानकारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी को देते हुए खुद को इस ड्यूटी से मुक्त करने की गुहार लगाई. इसके बाद पूर्वी सिंहभूम जिले के जिला निर्वाचन पदाधिकारी और डीसी ने राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखा और इस संबंध में मार्गदर्शन मांगा.

चुनाव आयोग ने लिया एक्शन

25 अक्टूबर को राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव अरविंद आनंद को पत्र लिखा और हाशमी को ऑब्जर्वर के पद से हटाने की अपील की. इस पर कार्रवाई करते हुए केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने हाशमी को हटाकर कुलांगे विजय अम्रुता को नया ऑब्जर्वर नियुक्त कर दिया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital