Bihar Election 2025: भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह अब राजनीति के मैदान में उतर चुकी हैं. उन्होंने काराकाट विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया है. उनके इस कदम ने ना सिर्फ राजनीतिक हलकों में बल्कि भोजपुरी फिल्म जगत में भी हलचल मचा दी है.
राजनीति में उतरने का संकेत ज्योति ने कुछ दिन पहले ही सोशल मीडिया के जरिए दिया था. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए अपने समर्थकों से राय मांगी थी कि क्या उन्हें चुनाव लड़ना चाहिए या नहीं. पोस्ट में उन्होंने लिखा था- ‘नमस्कार कराकाट की देवतुल्य जनता, मैं असमंजस में हूं. 50 प्रतिशत लोग मुझे चुनाव लड़ने का समर्थन कर रहे हैं जबकि बाकी इसके खिलाफ हैं. ऐसे में मैं बिना आपकी राय के कोई फैसला नहीं लेना चाहती.’
View this post on Instagram
पवन सिंह पर लगाया गंभीर आरोप
यह पहला मौका नहीं है जब ज्योति सिंह सुर्खियों में आई हैं. वह लंबे समय से अपने पति पवन सिंह के साथ विवादों को लेकर चर्चा में रही हैं. दोनों की शादीशुदा जिंदगी कई उतार-चढ़ावों से गुजर रही है. कुछ समय पहले ज्योति ने सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे. हालांकि, पवन सिंह ने उन सभी आरोपों को गलत और बेबुनियाद बताया था.
पवन सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि उनकी पत्नी राजनीति में उतरना चाहती हैं और इसी वजह से वह उन पर झूठे आरोप लगा रही हैं. उनका दावा था कि ज्योति का मकसद चुनाव लड़ना है और इसी कारण वह विवाद खड़ा कर रही हैं. पवन सिंह ने यहां तक कहा था कि ज्योति के पिता चाहते हैं कि उनकी बेटी विधायक बने. उन्होंने कहा था, ‘मुझे उम्मीद नहीं थी कि राजनीति में आने के लिए कोई इतना गिर सकता है.’
अब ज्योति सिंह ने सभी अटकलों को विराम देते हुए स्वयं मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया है. उन्होंने सोमवार को औपचारिक रूप से नामांकन भर दिया. हालांकि, पवन सिंह की ओर से इस पर अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
इसी बीच, दोनों के तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है. हाल ही में खबर आई थी कि ज्योति सिंह ने पवन सिंह से तलाक के बदले 30 करोड़ रुपये एलिमनी की मांग की है.
ये भी पढ़ें- Bihar Election 2025: राजद की 143 उम्मीदवारों की सूची जारी, तेजस्वी राघोपुर और खेसारी लाल छपरा से प्रत्याशी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


