Kalita Maji BJP Inspirational Story: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने कई दिग्गजों को जमीन पर ला दिया है, लेकिन ऑसग्राम (SC) सीट से आई जीत की खबर ने पूरे देश का दिल जीत लिया है. कल तक जो हाथ दूसरों के घरों में बर्तन साफ करते थे और फर्श पोंछते थे, आज उन्हीं हाथों में जनता ने अपनी किस्मत की चाबी सौंप दी है.
महीने के महज 2,500 रुपये कमाने वाली एक साधारण घरेलू कामगार, कलिता माजी अब पश्चिम बंगाल की नवनिर्वाचित विधायक बन गई हैं. भाजपा के टिकट पर चुनाव (West Bengal Election 2026) लड़ते हुए उन्होंने साबित कर दिया कि लोकतंत्र में ‘वोट’ की ताकत अमीरी-गरीबी नहीं देखती.
कौन हैं कलिता माजी? (Kalita Maji Inspirational Story)
बता दें कि कलिता माजी कोई राजनीतिक खानदान से नहीं आतीं. पिछले दो दशकों से वे दूसरों के घरों में साफ-सफाई और बर्तन मांजने का काम कर रही थीं. दिन भर की कड़ी मेहनत के बाद उन्हें महीने के अंत में सिर्फ 2,500 रुपये मिलते थे, जिससे वे अपने परिवार का पेट पालती थीं. जब भाजपा ने एक साधारण नौकरानी को विधानसभा का टिकट दिया, तो कई लोगों ने इसे केवल एक चुनावी स्टंट माना था, लेकिन कलिता ने अपनी सादगी और घर-घर जाकर किए गए प्रचार से जनता के दिलों में जगह बना ली.
TMC के दिग्गज को दी शिकस्त
नतीजों ने सबको चौंका दिया जब कलिता माजी ने तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता श्यामा प्रसन्ना लाहौर को 12,535 वोटों के बड़े अंतर से हरा दिया. कलिता को कुल 1,07,692 वोट मिले. उनके पास न तो बड़ी गाड़ियां थीं और न ही रैलियों के लिए भारी-भरकम फंड, लेकिन उनके पास जनता का भरोसा था. अपनी जीत के बाद भावुक कलिता ने कहा कि वे अब उन गरीबों की आवाज विधानसभा में उठाएँगी जिनके बीच उन्होंने अपना पूरा जीवन बिताया है.
भय के बीच ‘साधारण महिला’ का साहस
बंगाल में जहां चुनाव का मतलब हिंसा और बाहुबल माना जाता है, वहां कलिता जैसी महिला का चुनाव लड़ना और जीतना किसी करिश्मे से कम नहीं है. चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी.
कलिता की यह जीत उन हजारों कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के लिए प्रेरणा है जो संसाधनों की कमी के कारण पीछे हट जाते हैं. भाजपा ने इस जीत को ‘सुशासन और अंत्योदय’ की जीत बताया है, जहाँ समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति भी सत्ता के शीर्ष तक पहुँच सकता है.
ये भी पढ़ें-हिमंत बिस्वा सरमा ने वोटिंग के दिन ही लिख दी थी जीत की इबारत, जानें ‘मामा’ के ‘सीक्रेट लेटर’ में क्या?
लोकतंत्र की असली ताकत(Kalita Maji bengal bjp)
कलिता माजी की कहानी अब सोशल मीडिया पर ‘नेशनल सेंसेशन’ बन गई है. लोग उनकी फोटो शेयर करते हुए लिख रहे हैं कि यही असली लोकतंत्र है. एक तरफ जहां करोड़ों रुपये खर्च करने वाले प्रत्याशी हार गए, वहीं साइकिल पर और पैदल चलकर वोट मांगने वाली कलिता ने इतिहास रच दिया.
दरअसल उनकी जीत ने यह संदेश दिया है कि अगर नीयत साफ हो और इरादे मजबूत, तो एक ‘घरेलू कामगार’ भी राज्य की नीति निर्धारक बन सकती है. अब सबकी निगाहें इस पर हैं कि कलिता विधायक के तौर पर अपने क्षेत्र की सूरत कैसे बदलती हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



