Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

तीसरे चरण का मतदान कल…20 हाईप्रोफाइल सीटों पर बेटा-बहू-दामाद की प्रतिष्ठा दांव पर, इन 10 केंद्रीय मंत्रियों की भी अग्निपरीक्षा, 4 पूर्व सीएम की भी तय होगी किस्मत

तीसरे चरण के लोकसभा चुनाव के तहत 11 राज्यों की कुल 93 लोकसभा सीटों पर 7 मई को वोटिंग होगी.

Lok Sabha Election 2024 Third Phase Voting

फोटो-सोशल मीडिया

Lok Sabha Election 2024 Third Phase Voting: देश में लोकसभा चुनाव को लेकर बयार बह रही है. दो चरणों का चुनाव हो चुका है और अब तीसरे चरण की चुनाव कल यानी 7 मई को होने जा रहा है. इस बार देश भर की 20 हाई-प्रोफाइल लोकसभा सीटों पर तमाम दिग्गजों का भाग्य तय होगा क्योंकि कई जाने-माने नेताओं के बहू-बेटा और बेटियों की किस्मत दांव पर लगी है तो वहीं कर्नाटक और मध्य प्रदेश में दो-दो पूर्व मुख्यमंत्री का भी भाग्य तय होगा. साथ ही मोदी सरकार के 10 मंत्रियों की अग्निपरीक्षा भी इसी चरण में होने जा रही है. तीसरे चरण के चुनाव को लेकर चुनाव आयोग पूरी तैयारी कर चुका है.

गौरतलब है कि तीसरे चरण का चुनाव प्रचार रुक गया है और कल वोटिंग होगी. इस दौरान 11 राज्यों की कुल 93 लोकसभा सीटों पर कुल 1331 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद होगा. तीसरे चरण की वोटिंग में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की बहू डिंपल यादव की भी किस्मत तय होगी. वह अपने ससुर की कर्मभूमि मैनपुरी से चुनावी मैदान में हैं. तो वहीं कर्नाटक की गुलबर्गा लोकसभा सीट से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दामाद का भाग्य तय होगा तो वहीं दो पूर्व मुख्यमंत्रियों बीएस येदियुरप्पा और कल्याण सिंह के बेटों की भी अग्निपरीक्षा होगी. तो आइए देखें कि कौन कहां से अपनी किस्मत अजमा रहा है…

मैनपुरी

उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट से प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह की बहू व पूर्व सीएम अखिलेश यादव की पत्नी चुनाव मैदान में उतरी हैं. बता दें कि मैनपुरी सपा का गढ़ रहा है और मुलायम सिंह की कर्मभूमि रही है. तो अब अपने ससुराल की विरासत बचाने के लिए बहू मैदान में है. उनके खिलाफ बीजेपी ने जयवीर सिंह और बसपा ने शिवप्रसाद यादव को खड़ा किया है. इसके अलावा यहां दो निर्दलीय समेत आठ प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में हैं.

गुलबर्गा

कर्नाटक की गुलबर्गा सीट पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दामाद राधाकृष्ण डोड्डामणि चुनाव लड़ रहे हैं. बीजेपी ने डॉ. उमेश जी. जाधव और बसपा ने हुचेश्वरा वाथर गौर को उनके खिलाफ उतारा है. इसके अलावा छह निर्दलीय समेत कुल 14 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं.

ये भी पढ़ें-Bullet Train: भारत की पहली बुलेट ट्रेन के लिए बिछाया जा रहा है रेलवे ट्रैक, तस्वीरें आई सामने, जापानी टेक्नोलॉजी के साथ मेक इन इंडिया का दिख रहा है कमाल 

एटा

उत्तर प्रदेश की एटा लोकसभा सीट से उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह राजू भैया को भाजपा ने मैदान में उतारा है. तो वहीं सपा ने उनके खिलाफ देवेंद्र शाक्य और बसपा ने मोहम्मद इरफान को टिकट दिया है. चार निर्दलीय सहित कुल 10 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं.

बारामती

महाराष्ट्र की इस लोकसभा सीट पर नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी से अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार मैदान में उतरी हैं तो वहीं उनकी ननद और शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) से आमने-सामने हैं. यहां का चुनाव काफी दिलचस्प माना जा रहा है.

कोरबा

छत्तीसगढ़ की कोरबा लोकसभा सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री चरणदास महंत की पत्नी और वर्तमान सांसद ज्योत्सना चरण महंत कांग्रेस की ओर से चुनावी मैदान में हैं. भाजपा ने उनके खिलाफ सरोज पांडेय को उतारा है. तो वहीं बसपा से दूजराज बौद्ध के साथ ही इस सीट पर 18 निर्दलीय सहित कुल 27 प्रत्याशी मैदान में हैं.

गांधीनगर

गुजरात की गांधीनगर लोकसभा सीट से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दूसरी बार चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं. उनके खिलाफ कांग्रेस ने सोनल रमणभाई पटेल को उतारा है. तो वहीं बसपा ने मोहम्मद दानिश देसाई को टिकट दिया है. आठ निर्दलीय समेत कुल 14 प्रत्याशी चुनाव में खड़े हैं.

शिमोगा

कर्नाटक की शिमोगा लोकसभा सीट से यहां के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई राघवेंद्र भाजपा की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं. कांग्रेस ने गीता शिवराजकुमार और बसपा ने एडी शिवप्पा को उनके खिलाफ उतारा है. इस सीट पर 17 निर्दलीय सहित कुल 23 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं.

गुना

मध्य प्रदेश की गुना लोकसभा सीट से भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मैदान में हैं. पिछले चुनाव में सिंधिया को भाजपा प्रत्याशी ने इसी सीट पर मात दी थी. उनके खिलाफ बसपा से धनीराम चौधरी और कांग्रेस से यादवेंद्र राव देशराज सिंह खड़े हैं. सात निर्दलीय समेत कुल 15 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं.

आगरा

उत्तर प्रदेश की आगरा लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल चुनावी मैदान में हैं. उनके खिलाफ बसपा ने पूजा अमरोही और सपा ने सुरेश चंद्र को उतारा है. आगरा सीट पर तीन निर्दलीय समेत कुल 11 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं.

रत्नागिरी सिंधु दुर्ग

महाराष्ट्र की रत्नागिरी सिंधु दुर्ग सीट पर भाजपा प्रत्याशी एवं केंद्रीय मंत्री नारायण राणा मैदान में हैं. उनका मुकाबला शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रत्याशी विनायक राउत से है. इसके अलावा यहां पर तीन निर्दलीय समेत नौ प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं.

राजकोट

गुजरात की राजकोट सीट पर बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला को खड़ा किया है. कांग्रेस ने उनके खिलाफ धानानी परेश और बसपा ने चमनभाई नागजीभाई सवसानी को उतारा है. छह निर्दलीय समेत कुल नौ प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं.

उत्तर गोवा

इस सीट पर भाजपा से केंद्रीय मंत्री श्रीपाद यसो नाइक को मैदान में उतारा है. तो बसपा के मिलन आर. वायंगणकार और कांग्रेस के रमाकांत खलप उनके खिलाफ खड़े हैं. तीन निर्दलीय समेत कुल आठ प्रत्याशी यहां पर चुनावी मैदान में हैं.

पोरबंदर

गुजरात की पोरबंदर सीट पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया चुनावी मैदान में हैं तो उनके खिलाफ कांग्रेस ने ललित वसोया और बसपा से एनपी राठोड को उतारा है. यहां छह निर्दलीय समेत कुल 12 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं.

खेड़ा

गुजरात की खेड़ा सीट पर केंद्रीय मंत्री देवु सिंह चौहान तीसरी बार चुनाव में उतरे हैं. कांग्रेस ने कालु सिंह डाभी और बसपा से भाईलालभाई कालुभाई पांडव को उनके खिलाफ उतारा है. तीन निर्दलीय समेत कुल 12 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं.

धारवाड़

कर्नाटक की धारवाड़ लोकसभा सीट पर केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी के खिलाफ कांग्रेस के विनोद असूती उतरे हैं. इस सीट पर छह निर्दलीय समेत कुल 17 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं.

बीदर

कर्नाटक की बीदर सीट पर केंद्रीय राज्य मंत्री भगवंत खुबा के खिलाफ कांग्रेस ने सागर ईश्वर खद्रे और बसपा ने पुटराज को उतारा है. यहां 10 निर्दलीय सहित कुल 18 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं.

बेलगाम

कर्नाटक की बेलगाम सीट पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार को भाजपा ने उतारा है. उनके खिलाफ कांग्रेस ने मृणाल आर. हेब्बालकर और बसपा ने अशोक अप्पाया अप्पुगोल को टिकट दिया है. सात निर्दलीय समेत कुल 13 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं.

राजगढ़

मध्य प्रदेश की राजगढ़ लोकसभा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह 33 साल बाद चुनावी मैदान में उतरे हैं. उनके खिलाफ बीजेपी ने रोडमल नागर और बसपा ने डॉ. राजेंद्र सूर्यवंशी को उतारा है. यहां छह निर्दलीय सहित कुल 15 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं. रोडमल नागर वर्तमान में सांसद भी हैं.

हावेरी

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई भाजपा की टिकट पर इस सीट से उतरे हैं. कांग्रेस ने यहां आनंदस्वामी गड्डदेवरमठ को उनके खिलाफ उतारा है. पांच निर्दलीय सहित कुल 14 प्रत्याशी मैदान में हैं.

विदिशा

मध्य प्रदेश की विदिशा लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भाजपा की ओर से खड़े हैं तो कांग्रेस के प्रतापभानु शर्मा और बसपा के किशल लाल उनके खिलाफ उतरे हैं. चार निर्दलीय सहित कुल 13 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital

Latest