Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

कल्पना सोरेन के हेलीकॉप्टर को रोके जाने पर मचा सियासी बवाल, JMM ने पूछा- क्या यही बराबरी का तरीका है?

JMM ने चुनाव आयोग, केंद्र सरकार पर पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान को बाधित करने का आरोप लगाया है. प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमारे नेताओं हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन के हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने से रोकने की कोशिश की जा रही है.

Kalpana Soren

हेलिकाप्टर रोके जाने के बाद कल्पना सोरेन.

झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने चुनाव आयोग, भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान को बाधित करने का आरोप लगाया है. पार्टी के केंद्रीय महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमारे नेताओं हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन के हेलीकॉप्टर को उड़ान भरने से रोकने की कोशिश की जा रही है. यह भारतीय जनता पार्टी और केंद्र के इशारे पर हो रहा है.

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग सभी पार्टियों के लिए ‘लेवल प्लेइंग फील्ड’ की बात करता है, लेकिन झारखंड में इसके बिल्कुल उलट हो रहा है. भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि सोमवार को कल्पना सोरेन का हेलीकॉप्टर रोका गया था और आज भी हमारे 2 हेलीकॉप्टर के बीच में एयरफोर्स का हेलीकॉप्टर उतारा गया.

क्या यही बराबरी का तरीका है?

जेएमएम नेता ने कहा, ”सीएम हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन लगातार अनुरोध करते रहे कि उनके हेलीकॉप्टर को उड़ना है. लेकिन, उन्हें एक घंटे की देरी हो गई.” झामुमो नेता ने मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार का नाम लेकर कहा कि वे बराबर-बराबर खेलने यानी सभी दल के नेताओं के बराबर प्रचार-प्रसार की बात कहते रहते हैं, लेकिन क्या यही बराबरी का तरीका है? या तो आप बराबर मौका देने की बात न कहें या हेमंत सोरेन को गिरफ्तार करवा दें ताकि वो बोल न सकें.

केंद्र के इशारे पर हो रहा है सब कुछ

उन्होंने कहा कि ये सब कुछ केंद्र के इशारे पर हो रहा है, इससे इनकार नहीं किया जा सकता. चुनाव आयोग अगर हस्तक्षेप नहीं कर सकता तो यही करे कि 13 नवंबर को मतदान रोक दे और उन्हें (BJP) सर्टिफिकेट दे दे. मैं चुनाव आयोग से कहना चाहता हूं कि कृपया हमें सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर न करें.

हेडलाइन मैनेजमेंट के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल

उन्होंने कहा कि आप सभी देख रहे हैं कि किस तरह से इस राज्य में धारणा बनाने की कोशिश की जा रही है. ईडी बांग्लादेशी घुसपैठ के नाम पर हमारे यहां छापेमारी कर रही है ताकि यह हेडलाइन बने. चुनाव के दिन हेडलाइन मैनेजमेंट के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है. झामुमो महासचिव ने दावा किया कि तमाम बाधाओं के बावजूद हमलोग पहले चरण की 43 सीटों में से 38 सीटें जीतेंगे. पूरे कोल्हान और पलामू में उनका सफाया हो जाएगा.

–भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital