Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

एक क्लिक में पढ़िए आज की 10 बड़ी चुनावी खबरें

Lok Sabha Election News: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. अब हर जगह चुनावों की बात हो रही है. आइए ऐसे में जानते हैं सियासत से जुड़ी 30 मार्च की बड़ी खबरें, जिन पर दिन में पूरे देश की नजर रही.

Election bulletin

दिनभर की चुनावी सुर्खियां

Election 2024: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. चाय की टपरी हो या फिर पान की दुकान, हर जगह चुनाव के चर्चे हो रहे हैं. लोगों की बातें सुन सुनकर ऐसा लगता है कि नेताओं से ज्यादा चुनाव की बातें तो जनता कर रही है. कौन जीतेगा, कौन हारेगा? किसने बदला पाला, किस पार्टी ने किया कौन-सा चुनावी वादा. नेताओं की ओर से एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच आइए यहां जानते हैं चुनाव से जुड़ी 30 मार्च की 10 बड़ी खबरें

चुनाव घोषणा पत्र समिति का गठन

लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने चुनाव घोषणा पत्र समिति का गठन कर दिया है. कमेटी की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे. वहीं निर्मला सीतारमण को कमेटी का संयोजक बनाया गया है. केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल को सह संयोजक बनाया की जिम्मेदारी सौंपी गई है. मिली जानकारी के अनुसार, चुनावी घोषणा पत्र कमेटी में कुल 27 सदस्य होंगे. कमेटी में मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, सीएम डॉ. मोहन यादव भी इस कमेटी में शामिल किए गए हैं.

BJP की आठवीं लिस्ट जारी

भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव को लेकर आठवीं लिस्ट जारी कर दी है. बीजेपी ने पंजाब की 6 और ओडिशा की 3 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है. सबसे पहले बात पंजाब की करें तो गुरदासपुर लोकसभा सीट से बीजेपी ने सनी देओल का पत्ता काट दिया है. उनकी जगह दिनेश सिंह ‘बब्बू’ को टिकट दिया गया है. जबकि अमृतसर सीट से तरणजीत सिंह संधू पर बीजेपी ने भरोसा जताया है. उधर, पार्टी ने पटियाला लोकसभा सीट से परनीत कौर को चुनावी मैदान में उतारा है. परनीत कौर कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी हैं.

NCP (शरद पवार) ने EC में दर्ज कराई शिकायत

NCP (शरद पवार) ने शिवसेना (एकनाथ शिंदे) और भाजपा द्वारा आदर्श आचार संहिता के घोर उल्लंघन के संबंध में भारत के चुनाव आयोग (ECI) में शिकायत दर्ज कराई है. NCP का आरोप है कि शिवसेना (एकनाथ शिंदे) और भाजपा ने अपनी स्टार प्रचारक सूची के हिस्से के रूप में अन्य राजनीतिक दलों के विभिन्न व्यक्तियों के नाम प्रकाशित किए हैं, जो जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 77 का उल्लंघन है.शरद पवार गुट के नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि हमने शिवसेना (एकनाथ शिंदे) और भारतीय जनता पार्टी द्वारा जन प्रतिनिधित्व अधिनियम और आदर्श आचार संहिता के घोर उल्लंघन के संबंध में भारत के चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज की है.

पवार बनाम पवार की लड़ाई

महाराष्ट्र की बारामती लोकसभा सीट पर सस्पेंस खत्म हो गया है. इस संसदीय सीट पर पवार बनाम पवार की लड़ाई होगी. सूबे के डिप्टी सीएम अजीत पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने आज सुनेत्रा पवार को बारामती लोकसभा सीट से कैंडिडेट घोषित कर दिया है. इस सीट पर पवार परिवार में चुनावी मुकाबला देखेने को मिलेगा. सुनेत्रा पवार अजित पवार की चचेरी बहन और शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी. एनसीपी नेता सुनील तटकरे ने बारामती लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवार के नाम की घोषणा की. तटकरे ने कहा कि बारामती लोकसभा सीट के लिए हम सुनेत्रा अजित पवार के नाम की घोषणा कर रहे हैं. वह इस सीट से चुनाव लड़ेंगी. उन्होंने कहा कि यह विचारधारा की लड़ाई है, न कि परिवार के बीच की लड़ाई.

NDA के ही रहेंगे पशुपति पारस

बिहार में NDA की सीट शेयरिंग में आरएलजेपी प्रमुख पशुपति पारस के हाथ खाली रहे थे. उन्हें गठबंधन में एक भी सीट नहीं मिली थी. इसके बाद अटकलों का बाजार गर्म हो गया था. कहा जा रहा था कि पशुपति पारस अब बागी तेवर दिखा सकते हैं और वह इंडिया ब्लॉक में जा सकते हैं, लेकिन अब पशुपति पारस ने साफ कह दिया है कि वह एनडीए के साथ ही रहेंगे. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि हमारी पार्टी रालोजपा, एनडीए का अभिन्न अंग है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमारे भी नेता है और उनका निर्णय हमारे लिए सर्वोपरि है.

बीजेपी में शामिल हुईं अर्चना पाटिल

महाराष्ट्र में कांग्रेस के लिए मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री और कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल की बहू अर्चना पाटिल चाकुरकर शनिवार को भाजपा में शामिल हो गईं. इस दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अन्य पार्टी नेता मौजूद थे. इससे पहले शुक्रवार को अर्चना ने फडणवीस से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की थी.

बीजेपी पर कांग्रेस का हमला

कांग्रेस पार्टी के मीडिया इंचार्ज जयराम रमेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी तीन मंसूबों पर काम कर रही हैं और वो हैं पार्टी के लिए चंदा, ईडी का फंदा और व्यापारियों को डंडा. उन्होंने कहा कि कल की रैली व्यक्ति केंद्रित नहीं बल्कि इंडिया गठबंधन की रैली है. यह किसी एक पार्टी की रैली नहीं है. रमेश ने कहा कि इंडिया गठबंधन की पहली रैली मुंबई के शिवाजी पार्क में आयोजित हुई थी तो वहीं दूसरी रैली दिल्ली के रामलीला मैदान में होने जा रही है.

बस मालिकों ने किया इनकार

पश्चिम बंगाल के निजी बस परिचालक आम चुनाव के लिए अपने वाहन देने को तैयार नहीं हैं. उनका दावा है कि उन्हें मिलने वाला भुगतान बहुत कम है. चुनाव आयोग और राज्य सरकार के विभिन्न विभाग चुनावों के दौरान सुरक्षा और मतदान कर्मियों को बूथों तक ले जाने और वापस ले जाने के लिए बड़ी यात्री बसों, मिनी बसों और अन्य वाहनों का अधिग्रहण करते हैं. राज्य में 19 अप्रैल से एक जून के बीच सात चरणों में आम चुनाव होने हैं.

4 जून को दो सरकारें बनेंगी

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा है. बीजेपी त्रिदेव सम्मेलन के दौरान उन्होंने 4 जून, 2024 को केंद्र के साथ राज्य में बीजेपी सरकार बनाने का दावा किया. गृह क्षेत्र सराज के थुनाग में आयोजित सम्मेलन में वह बोले कि यह मात्र लोकसभा नहीं, हिमाचल में नई सरकार चुनने का भी अवसर है. हिमाचल की जनता आने वाले 4 जून को एक नहीं 2 सरकारें चुनने जा रही है. ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि जनता 14 महीनों की सरकार को चलता कर नई सरकार चुनेगी.

हेमा मालिनी को टक्कर देंगे विजेंद्र?

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस पार्टी ने अब तक यूपी की मथुरा सीट से उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है. भारतीय जनता पार्टी इस सीट से हेमा मालिनी को लगातार तीसरी बार टिकट दे चुकी है. सूत्रों के अनुसार कांग्रेस इस सीट से बॉक्सर विजेंद्र को टिकट दे सकती है. 2019 में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए विजेंद्र को अपने पहले चुनाव में ही हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद भी वह पार्टी से जुड़े रहे, लेकिन दिसंबर 2023 में उन्होंने सोशल मीडिया पर राजनीति से संन्यास की बात कही थी. वह वह वापसी कर सकते हैं.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital