Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

एक क्लिक में पढ़िए आज की 10 बड़ी चुनावी खबरें

Lok Sabha Election News: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. अब हर जगह चुनावों की बात हो रही है. आइए ऐसे में जानते हैं सियासत से जुड़ीं 28 अप्रैल की बड़ी खबरें, जिन पर पूरे देश की नजर रही.

lok-sabha-election-2024-top-10-news

आज की चुनावी सुर्खियां

Election 2024: लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. चाय की टपरी हो या फिर पान की दुकान, हर जगह चुनाव के चर्चे हो रहे हैं. लोगों की बातें सुन सुनकर ऐसा लगता है कि नेताओं से ज्यादा चुनाव की बातें तो जनता कर रही है. कौन जीतेगा? कौन हारेगा? किसने बदला पाला, किस पार्टी ने किया कौन-सा चुनावी वादा. नेताओं की ओर से एक-दूसरे पर लगाए जा रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच आइए यहां जानते हैं चुनाव से जुड़ी 28 अप्रैल की 10 बड़ी खबरें-

पीएम मोदी का पलटवार

कर्नाटक के बेलगावी में पीएम मोदी ने आज जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने राहुल गांधी के राजा-महाराजाओं के खिलाफ दिए गए विवादित बयान पर पलटवार किया और कहा कि, “कांग्रेस के शहजादे को राजा, महाराजाओं का योगदान याद नहीं आता. वोट बैंक के लिए वे राजा, महाराजा के खिलाफ बोलते हैं लेकिन नवाबों, बादशाहों, सुल्तानों के खिलाफ उनमें एक शब्द बोलने की ताकत नहीं है. कांग्रेस की तुष्टीकरण की मानसिकता अब खुलकर देश के सामने आ रही है.”

ममता बनर्जी की ये बड़ी भूल है कि…

भाजपा के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने संदेशखालि में सीबीआई द्वारा हथियार और गोला-बारूद जब्त किए जाने को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा और उनसे सवाल किया कि क्या वह लोगों को डराकर लोकसभा चुनाव जीतना चाहती हैं. जेपी नड्डा ने एक बयान जारी कर भरोसा जताया कि भाजपा राज्य की 42 लोकसभा सीट में से 35 से अधिक सीट पर जीत हासिल करेगी. उन्होंने संदेशखालि की उन महिलाओं के प्रति पार्टी की एकजुटता व्यक्त की, जिनका तृणमूल कांग्रेस के नेता रहे शाहजहां शेख और उसके सहयोगियों ने कथित यौन उत्पीड़न किया था.

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा

लोकसभा चुनाव के बीच कांग्रेस से बड़ी खबर सामने आ रही है. दिल्ली में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. माना जा रहा है कि टिकट बंटवारे को लेकर वह नाराज चल रहे थे. फिलहाल उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेज दिया है जिसमें उन्होंने दीपक बाबरिया पर बड़े आरोप लगाए हैं. मालूम हो कि अरविंदर सिंह लवली ने चार पेज का इस्तीफा दिया है और पार्टी के दिल्ली प्रभारी दीपक बाबरिया पर बड़े आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा है, “प्रभारी ने मुझे पंगु बना रखा है, वह मुझे पार्टी नहीं चलाने दे रहे हैं. मेरी सलाह पर कोई नियुक्ति नहीं की जाती है.

गांधी कैसे हुईं प्रियंका?

लोकसभा चुनाव को लेकर देश का सियासी पारा हाई है. नेता एक-दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं. इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने प्रियंका गांधी पर जुबानी हमला बोला है. सीएम मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस नेता प्रियंका वाड्रा गांधी न तो मंगलसूत्र पहनती हैं और न ही अपने पति का सरनेम लगाती हैं. उन्होंने इस दौरान प्रियंका गांधी से सवाल किया कि वो गांधी कैसे हो गईं? सीएम ने पूरे गांधी परिवार को ही नकली करार दे दिया. उन्होंने कहा कि ये सभी नकली गांधीवादी लोग हैं. सिर्फ इन्हें गांधी के नाम पर वोट बटोरना होता है, इसलिए इन्होंने गांधी सरनेम का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया.

AAP के दावों को EC ने किया खारिज

लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने बीते दिनों कैंपेन सॉन्ग ‘जेल का जवाब वोट से’ जारी किया था. इस कैंपेन सॉन्ग को लेकर आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि चुनाव आयोग ने इस गीत पर रोक लगा दी है. हालांकि इलेक्शन कमीशन ने AAP के इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. दिल्ली के चीफ इलेक्शन कमिश्नर कार्यालय से जुड़े एक सूत्र ने बताया गया कि AAP के चुनावी गीत पर रोक लगाने की बात को इलेक्शन कमीशन ने बेबुनियाद बताया है.

दो शहजादों का खाता नहीं खुला- नड्डा

केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता अमित शाह आज उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में सार्वजनिक रैली को संबोधित करने आए. यहां उन्‍होंने कांग्रेस के सिपहसालार राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अगुआ अखिलेश यादव पर हमला बोला. जन-संबोधन के दौरान अमित शाह ने कहा, “भाइयों…बहनों… लोकसभा चुनाव-2024 के दो चरण पूरे हो चुके हैं और नरेंद्र मोदी पहले ही शतक बना चुके हैं. मगर..दो शहजादों का अभी तक खाता भी नहीं खुला है.”

उज्ज्वल निकम को टिकट

लोकसभा चुनाव में बीजेपी लगातार मौजूदा सांसदों का टिकट काटकर उनकी जगह पर नए चेहरों को उतार रही है. इसी कड़ी में बीजेपी ने मुंबई की उत्तर मध्य सीट सेवकील उज्ज्वल निकम को अपना उम्मीदवार बनाया है. उज्ज्वल निकम ने टिकट मिलने के बाद कहा कि अभी तक वो कानून की लड़ाई लड़ रहे थे और अब वो संसद में जाकर देश की सेवा करना चाहते. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव में मुंबई में हुए 26/11 आतंकवादी हमले में विशेष लोक अभियोजक रहे उज्ज्वल निकम को मुंबई उत्तर मध्य से मैदान में उतारा है. वरिष्ठ सरकारी वकील निकम 26/11 मुंबई हमले के मामले सहित कई हाई-प्रोफाइल मामलों में सरकार की ओर से पेश हुए हैं. उज्ज्वल निकम कांग्रेस की वर्षा गायकवाड़ के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे.

अरुण गोविल ने किया ट्वीट

भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होकर लोकसभा चुनाव लड़ रहे अभिनेता अरुण गोविल का एक ट्वीट X.com पर खूब वायरल हो रहा है. अरुण गोविल के ट्विटर हैंडल का स्क्रीनशॉट, जिसमें लिखा है— “..जब किसी का दोहरा चरित्र सामने आता है तो उससे अधिक स्वयं पर क्रोध आता है, कि हमने कैसे आंखें बंद करके ऐसे इंसान पर भरोसा किया.” यह वाक्य चर्चा का विषय बन गया है. ट्विटर पर बहुत-से लोग अरुण गोविल के ट्वीट की चर्चा कर रहे हैं. उनके विरोधियों का कहना है कि अरुण गोविल भाजपाइयों के बहकावे में आकर चुनावी मैदान में उतर गए, लेकिन हार का अहसास होने पर उन्होंने यह ट्वीट किया.

कल जारी होगी अधिसूचना

18वीं लोकसभा चुनने के लिए देश में छठे चरण के लिए 25 मई को होने वाले मतदान के लिए सोमवार को अधिसूचना जारी होते ही नामजदगी के पर्चे दाखिल होने शुरू हो जाएंगे. छठे चरण के तहत 7 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 57 सीटों पर मतदान होगा. छठे चरण के लिए 6 मई तक उम्मीदवार अपने नामांकन दाखिल करेंगे. अगले दिन 7 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी. इसके बाद 2 दिन यानी 9 मई तक उम्मीदवार अपने नामांकन वापस ले सकेंगे. इसके साथ ही चुनावी मैदान में डटे उम्मीदवारों को फाइनल सूची जारी कर दी जाएगी.

यह भी पढ़ें- एक क्लिक में पढ़िए आज की 10 बड़ी चुनावी खबरें

संजय सिंह ने बोला हमला

आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी एक बार और जीतने के बाद सूरत लोकसभा क्षेत्र की तरह देश में भी चुनाव रद्द कराना चाहती है. न्यूज एजेंसी के मुताबिक, संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान और आरक्षण खत्म करना चाहती है. सिंह ने कहा कि विपक्षी गठबंधन इंडिया 300 से अधिक सीट जीतेगा और केंद्र में सरकार बनाएगा. संजय सिंह ने कहा, ‘2024 के चुनाव के बाद भाजपा पूरे देश से चुनाव खत्म कर देगी. यह चुनाव आखिरी है. इसलिए मैं लोगों से अपने वोट की ताकत बचाने के लिए वोट डालने के लिए कहता हूं.’

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital