Urdu Conclave 2026

BJP में बगावत की आग लगा रहे PK! क्या पूर्व मंत्री की मांग पर सफाई देंगे सम्राट चौधरी?

Bihar Chunav 2025: आरके सिंह ने प्रशांत किशोर ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और जदयू नेता अशोक चौधरी पर बड़े आरोप लगाये हैं. यहीं नहीं उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को भी सियासी कटघरे में खड़ा किया है.

Bihar Chunav 2025

Bihar Chunav 2025: विधानसभा चुनाव 2025 से पहले बिहार में सियासी बयानबाजी का दौर जारी है. इसी बीच बीजेपी के अंदर से ही बगावत के सुर उठते नजर आ रहे हैं. खास बात ये है ये बगावती सुर किसी और के लिए नहीं बल्कि भाजपा नेता और सूबे के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को लेकर उठ रहे हैं. बगावत की इस चिंगारी ने बैठे बिठाये विपक्ष के मुद्दों को और मजबूत कर दिया है.

दरअसल, भाजपा के पूर्व सांसद आरके सिंह के एक बयान ने सियासी बवंडर ला दिया है. उनका ये बयान प्रशांत किशोर के खुलासे के बाद सामने आया है. बता दें कि, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के द्वारा NDA के तीन नेताओं पर लगाये गए गंभीर आरोपों को लेकर आरके सिंह ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने तीनों NDA नेताओं से सामने आकर प्रशांत किशोर के द्वारा लगाये गए आरोपों का जवाब देने की मांग की है.

प्रशांत किशोर ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और जदयू नेता अशोक चौधरी पर बड़े आरोप लगाये हैं. यहीं नहीं उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को भी सियासी कटघरे में खड़ा किया है.

सामने आकर सफाई दें डिप्टी सीएम

पीके (प्रशांत किशोर) के द्वारा लगाये गए आरोपों पर पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने कहा कि मेरा तो साफ मानना है कि जो आरोप लगाये गए हैं, वे बेहद गंभीर हैं. उन लोगों को सामने आकर इसका जवाब देना चाहिये. आरके सिंह ने इस दौरान बीजेपी को भी अप्रत्यक्ष रूप से चेतावनी भी दी. उन्होंने कहा कि अगर मेरे इस कदम को बगावती समझकर बीजेपी कोई एक्शन लेती है तो भी उन्हें इसकी कोई चिंता नहीं है.

बिहार विधानसभा चुनाव के बीच पहले राजीव प्रताप रूड़ी और अब आरके सिंह के सियासी तेवर को देखते हुए बिहार के राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है. कयास लगाये जा रहे हैं कि बिहार के राजपूत नेताओं का क्या बीजेपी से मोह भंग हो गया है. क्योंकि अगर ऐसा होता है तो बिहार बीजेपी के लिए यह बहुत बड़ा सेटबैक होगा.

आरके सिंह ने क्या कहा?

बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी की कमान सम्राट चौधरी और दिलीप जायसवाल के हाथों में हैं. बीजेपी इन्हीं दोनों के चेहरों को प्रमोट कर बिहार में सियासी ताना-बाना बुनने का प्रयास कर रही है. वहीं जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी इन्हीं दोनों को लेकर सख्त तेवर अपनाएं हुए हैं. उन्होंने कहा कि, हमारे प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर आरोप लगाया गया है कि उनका एक हत्या में हाथ है, साथ ही एक अल्पसंख्यक मेडिकल कॉलेज को हड़पने का भी आरोप उनपर लगाया गया है. इसका उत्तर उन्हें खुद देना चाहिये.

आरके सिंह ने सम्राट चौधरी पर जन सुराज के संस्थापक के आरोपों पर कहा कि, डिप्टी सीएम पर फर्जी डिग्री बनवाने का आरोप लगा है. ये बताया गया है कि वो 7वीं फेल हैं. इसके अलावा उनपर कांग्रेस के एक नेता की हत्या का भी आरोप है. इसका उत्तर उन्हें खुद देना चाहिये. अगर वो इसका उत्तर नहीं देंगे तो इससे पार्टी की छवि धूमिल होगी.

आरके सिंह ने आगे कहा कि, अगर ये सच है तो आपको अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिये. अगर नहीं है तो आपको प्रशांत किशोर पर मानहानि का मुकदमा दायर करना चाहिये.

ये भी पढ़ें- Bihar News: आज कांग्रेस CWC की बड़ी बैठक, चुनावी रणनीति पर होगा मंथन

बीजेपी मानती है बगावत तो वहीं सही

आरके सिंह ने इस दौरान बीजेपी को अप्रत्यक्ष रूप से अपना रोष भी जताया. उन्होंने कहा कि अगर उनकी सही बात को भी पार्टी बगावत मानती है और उनके खिलाफ एक्शन लेती है तो उन्हें इसकी भी चिंता नहीं है.

इन तमाम आरोप प्रत्यारोप और सियासी नैतिकता की जंग के बीच सवाल ये है कि बिहार के डिप्टी सीएम का सियासी भविष्य क्या होगा. क्योंकि उनकी डिग्री, उम्र पर सवाल और अब हत्या के संगीन आरोप लग रहे हैं. इसमें कितनी सच्चाई है ये तो जांच का विषय है. ऐसे में क्या मध्य प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली की तरह ही भाजपा बिहार चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने के बाद गठबंधन के प्रमुख चेहरे के रूप में सम्राट चौधरी के चेहरे से अलग कोई नया चेहरा लाकर सभी को चौंका देगी? अब देखना है कि जैसे-जैसे चुनाव के दिन और नजदीक आएंगे, प्रशांत किशोर के खुलासे वैसे-वैसे बढ़ते जाएंगे?

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read