Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

तेजस्वी से रिश्ते खत्म! राजद से निष्कासित तेज प्रताप यादव क्यों हैं छोटे भाई से गुस्सा?

तेज प्रताप यादव ने कहा है कि तेजस्वी यादव ने उनका अपमान किया है. जिसकी वजह से वो अपने छोटे भाई से आहत हैं. उन्होंने कहा कि वो अब कभी भी राजद में नहीं जाएंगे. बिहार चुनाव के बीच ही गृह मंत्रालय ने तेज प्रताप को वाई प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दे दी है.

Tej Pratap Angry Tejashwi Yadav

Tej Pratap Angry Tejashwi Yadav: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले राजद और लालू परिवार से निष्कासित तेज प्रताप यादव ने राजद नेता और छोटे भाई तेजस्वी यादव के साथ अपने रिश्ते को लेकर बड़ा खुलासा किया है. जिसके बाद से राजनीतिक गलियारों में तेज प्रताप और तेजस्वी के रिश्तों की कड़वाहट पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

एक निजी चैनल को दिये इंटरव्यू में जनशक्ति जनता दल के मुखिया और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने कहा कि वो अब कभी भी राजद में नहीं जाएंगे. उन्होंने इस दौरान तेजस्वी यादव पर भी बड़ा खुलासा किया.

तेज प्रताप यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव ने उनका अपमान किया है. जिसकी वजह से वो अपने छोटे भाई से आहत हैं.

कभी तेजस्वी को कहा था अर्जुन

कभी तेजस्वी यादव को अपना अर्जुन और खुद को कृष्ण बताने वाले तेज प्रताप यादव ने कहा कि उन्होंने अपने छोटे भाई से सारे रिश्ते खत्म कर लिये हैं. तेज प्रताप ने तेजस्वी यादव पर परिवार में सियासी जंग की शुरुआत करने का आरोप लगाया.

तेज प्रताप यादव ने कहा कि उनका तेजस्वी यादव से रिश्ता हमेशा के लिए खत्म हो चुका है. लालू परिवार में पारिवारिक और सियासी खींचतान की शुरुआत तेजस्वी यादव ने ही की थी.

दोनों भाइयों में बढ़ी कड़वाहट

बिहार की राजनीति में लालू यादव परिवार का दबदबा जग जाहिर है. लेकिन दोनों भाइयों के सियासी टकराव ने लालू परिवार की छवि को काफी नुकसान पहुंचाया है. दोनों भाइयों में टकराव का आलम ये है कि राजद से निष्कासित किये जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल बनाया और खुद वैशाली के महुआ विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतर गए.

ये भी पढ़ें- मोदीमय हुए तेज प्रताप! हर हर महादेव के नारे के बीच पटना एयरपोर्ट पर फिर रवि किशन से की मुलाकात, BJP में शामिल होने की अटकलें तेज

सतह पर आया टकराव

दोनों भाइयों में कड़वाहट इतनी बढ़ चुकी है कि तेज ने तेजस्वी यादव के खिलाफ राघोपुर में भी अपना उम्मीदवार उतार दिया है. राघोपुर विधानसभा सीट से ही तेजस्वी यादव चुनाव लड़ रहे हैं. हाल ही में राघोपुर में तेज प्रताप यादव अपने उम्मीदवार के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे. वहीं तेजस्वी यादव ने भी पलटवार करते हुए तेज प्रताप की सीट महुआ में चुनाव प्रचार करने पहुंचे. जिसके बाद से दोनों भाइयों का टकराव सतह पर आ चुका है.

तेज प्रताप को मिली वाई कैटेगरी सुरक्षा

इसी बीच केंद्र सरकार ने तेज प्रताप यादव की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है. बिहार चुनाव के बीच ही गृह मंत्रालय ने तेज प्रताप को वाई प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दे दी है. अब तेज प्रताप की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान करेंगे.

बिहार में एक फेज का मतदान 6 नवंबर को आयोजित हो चुका है. अब दूसरे फेज का मतदान 11 नवंबर को होगा. जबकि चुनाव परिणाम 14 नवंबर को घोषित होंगे. अब चुनावी नतीजे तय करेंगे कि लालू परिवार के अंदरूनी टकराव में तेज प्रताप बाजी मारते हैं या तेजस्वी बड़े भाई पर भारी पड़ेंगे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital