Akshay Kumar Escort Vehicle Crash: बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार के काफिले की एक गाड़ी सोमवार शाम मुंबई में सड़क हादसे का शिकार हो गई. यह घटना उस वक्त हुई जब अक्षय और उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना एयरपोर्ट से अपने जुहू स्थित घर लौट रहे थे. बताया जा रहा है कि उनकी एस्कॉर्ट गाड़ी को पीछे से एक ऑटो रिक्शा ने टक्कर मार दी.
कैसे हुआ हादसा?
शुरुआती जानकारी के अनुसार, ऑटो को पीछे से आ रही एक कार ने जोरदार टक्कर मारी थी. इस वजह से ऑटो बेकाबू होकर आगे बढ़ा और सीधे अक्षय की एस्कॉर्ट गाड़ी से जा टकराया. टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया और एस्कॉर्ट कार भी झटके से ऊपर उठ गई.
कब की है घटना?
हादसा रात करीब 9 बजकर 5 मिनट पर जुहू इलाके के सिल्वर कैफे के पास हुआ. उस समय अक्षय अपनी कार में आगे बैठे थे. दुर्घटना के तुरंत बाद उनकी मैनेजर और सिक्योरिटी गार्ड बाहर निकलकर हालात देखने लगे. इस हादसे में ऑटो चालक को गंभीर चोटें आईं और उसे अस्पताल ले जाया गया, जबकि ऑटो में बैठे एक यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ.
ऑटो और कार की हालत
हादसे के बाद पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एस्कॉर्ट कार एक तरफ झुकी हुई नजर आई, वहीं ऑटो रिक्शा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त दिखा. राहत की बात यह रही कि किसी को जानलेवा चोट नहीं लगी.
ये भी पढ़ें-Parveen Babi: ‘अमर अकबर एंथोनी’ से ‘नमक हलाल’ तक, जब अमिताभ बच्चन संग रोमांस कर खींचा लोगों का ध्यान
एनिवर्सरी सेलिब्रेशन से लौट रहे थे अक्षय कुमार
अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना हाल ही में अपनी शादी की 25वीं सालगिरह मनाने विदेश गए थे. एयरपोर्ट से लौटते वक्त यह हादसा हुआ. ट्विंकल ने वीकेंड पर इंस्टाग्राम पर एक वीडियो भी साझा किया था, जिसमें दोनों पैराग्लाइडिंग करते दिख रहे थे. उन्होंने लिखा था कि उनकी शादी की सबसे खास बात यह है कि वे हमेशा एक-दूसरे को उड़ने के लिए प्रेरित करते हैं, कभी सचमुच, जैसे इस बार.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

