Mahashivratri Special: महाशिवरात्रि के त्योहार के इस पावन मौके को और भी खास बनाने के लिए सिंगर अमृता फडणवीस अपना नया भक्ति गीत ‘शंभू रे’ लेकर आई हैं. यह गाना सिर्फ एक भजन नहीं, बल्कि भगवान शिव के प्रति उनकी गहरी आस्था की एक झलक है. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने हाल ही में इस गाने के पीछे की अपनी भावनाओं को साझा किया है.
भक्ति और सुकून का संगम
अमृता का मानना है कि संगीत तभी प्रभावशाली होता है जब वह सीधे दिल से निकले. ‘शंभू रे’ के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा,
“किसी भी गाने की खूबसूरती उसमें छिपे इमोशन्स में होती है. अगर आपके मन में ईश्वर के लिए सच्ची श्रद्धा है, तो वह आपके सुरों में खुद-ब-खुद झलकने लगती है.”
उनका कहना है कि यह गाना सुनने वालों को एक अलग ही मानसिक शांति का अहसास कराएगा, जिसकी आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर किसी को जरूरत है.
“संगीत ही मेरी रूह है”
अमृता फडणवीस के लिए संगीत महज एक शौक या पेशा नहीं है. वे इसे अपनी आत्मा मानती हैं. उन्होंने कहा,
“मेरे लिए संगीत उतना ही जरूरी है जितना कि सांस लेना. दिन भर की व्यस्तता के बावजूद, चाहे देर रात हो या तड़के सुबह, मैं शास्त्रीय संगीत का रियाज करना कभी नहीं भूलती.”
वे मानती हैं कि सुरों की साधना उनके जीवन को एक अनुशासन और सुकून देती है.
॥ जय शिव शंभु ॥
Heartiest greetings on the auspicious occasion of MahaShivaRatri.
I thank you for the overwhelming response to my devotional Shiva Song 👉 https://t.co/px4JBBwEEi॥ ॐ नम: शिवाय ॥ pic.twitter.com/O4kiRcVWxE
— AMRUTA FADNAVIS (@fadnavis_amruta) February 15, 2026
अमृता के काम करने का अंदाज काफी अलग है. वे हर नए प्रोजेक्ट को एक बड़ी जिम्मेदारी की तरह देखती हैं. उन्होंने एक बहुत ही सुंदर उदाहरण देते हुए बताया कि “जिस तरह एक मां अपने बच्चे की परवरिश बड़े प्यार और ध्यान से करती है, ठीक वैसे ही मैं अपने हर गाने पर मेहनत करती हूं.” रिकॉर्डिंग रूम में जाने से पहले वे गाने के बोल और उसके पीछे की भावना को गहराई से समझती हैं, ताकि जब वह गाना श्रोताओं तक पहुंचे, तो उन्हें भी वही महसूस हो जो एक कलाकार महसूस कर रहा है.
इस प्रोजेक्ट में उन्होंने जाने-माने संगीतकार मोंटी शर्मा के योगदान की भी जमकर तारीफ की. अमृता के मुताबिक, मोंटी शर्मा के मार्गदर्शन ने इस गाने को निखारने में बड़ी भूमिका निभाई है.
एक्टिंग को लेकर क्या है राय?
ऐसा देखा गया है कि सिंगर्स एक्टिंग की दुनिया में भी हाथ आजमाते हैं, लेकिन अमृता का रुख इस मामले में बिल्कुल साफ है. जब उनसे पूछा गया कि क्या वे कभी फिल्मों में एक्टिंग करती नजर आएंगी, तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि उन्हें कई ऑफर मिले लेकिन उन्होंने सबको मना कर दिया.
ये भी पढ़ें: शाहिद-विशाल की जोड़ी का फिर चला जादू? ‘O Romeo’ ने बॉक्स ऑफिस पर की दमदार शुरुआत
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


