फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री एक बार फिर दहशत के साए में है. मशहूर सिंगर बी प्राक से 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है. यह धमकी सीधे बी प्राक को नहीं, बल्कि उनके करीबी दोस्त और सिंगर दिलनूर बबलू को विदेशी नंबर से कॉल और वॉयस मैसेज के जरिए दी गई. धमकी देने वाले ने साफ तौर पर पैसों की मांग की और अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह पहला मौका नहीं है जब किसी बड़े कलाकार को इस तरह की धमकी मिली हो. बीते कुछ सालों में कई बड़े सितारे गैंगस्टर्स और फिरौतीखोरों के निशाने पर आ चुके हैं.
कपिल शर्मा से ईमेल के जरिए फिरौती
कॉमेडी किंग कपिल शर्मा को साल 2025 में जान से मारने की धमकी मिली थी. आरोपी दिलीप चौधरी ने खुद को गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़ा बताते हुए कपिल को ईमेल भेजा और एक करोड़ रुपये की मांग की. मामले के सामने आते ही पुलिस ने कार्रवाई की और आरोपी की पहचान कर ली गई.
पवन सिंह और लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम
भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह को दिसंबर 2025 में व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए धमकियां मिलीं. ये धमकियां लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से दी गई थीं. मैसेज में सलमान खान के साथ काम करने को लेकर निशाना बनाने की बात भी कही गई. पवन सिंह की ओर से मुंबई पुलिस में दो शिकायतें दर्ज कराई गई थीं.
अमिताभ बच्चन भी रह चुके हैं निशाने पर
महानायक अमिताभ बच्चन को भी साल 2025 में धमकी मिली थी. यह मामला उस वक्त चर्चा में आया जब केबीसी के सेट पर दिलजीत द्वारा उनके पैर छूने को लेकर विवाद हुआ. इससे पहले साल 2010 में भी उन्हें एक ब्लॉगर से जान से मारने की धमकी मिल चुकी है.
सुनील पाल का अपहरण
कॉमेडियन सुनील पाल के साथ दिसंबर 2024 में बेहद चौंकाने वाली घटना हुई. फेक इवेंट के बहाने उनका अपहरण कर लिया गया और उनसे फिरौती मांगी गई. करीब 8 लाख रुपये लेने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया.
शाहरुख, आमिर और अक्षय
शाहरुख खान को नवंबर 2024 में 50 लाख रुपये की फिरौती के साथ मौत की धमकी मिली थी. आमिर खान को ‘सत्यमेव जयते’ के दौरान धमकियां मिली थीं, जिसका खुलासा उनके भांजे इमरान खान ने किया. वहीं अक्षय कुमार को साल 2011 में गैंगस्टर रवि पुजारा ने धमकी दी थी.
सलमान खान पर सबसे ज्यादा खतरा
सलमान खान को 1998 के ब्लैकबक केस के बाद से लगातार धमकियां मिल रही हैं. लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने कई बार खुलेआम जान से मारने की चेतावनी दी. साल 2024 में उनके घर के बाहर फायरिंग और 2025 में कार बम की धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी.
अंडरवर्ल्ड का पुराना साया
70-80 के दशक में धर्मेंद्र और 90 के दशक में टी-सीरीज के संस्थापक गुलशन कुमार भी अंडरवर्ल्ड के निशाने पर रहे. गुलशन कुमार ने फिरौती देने से इनकार किया, जिसकी कीमत उन्हें अपनी जान देकर चुकानी पड़ी.
ये भी पढ़ें:धमाल 4: ईद पर यश की ‘टॉक्सिक’ का खौफ? अजय देवगन ने ऐन मौके पर बदला गेम, अब इस दिन मचेगा शोर
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




