पहला वीकेंड का वार रहा मजेदार
Bigg Boss 20 का सफर अब धीरे-धीरे अपने असली रंग दिखाने लगा है. शो के शुरुआती छह एपिसोड्स पार हो चुके हैं और घर के अंदर का तापमान अब गर्माने लगा है. कंटेस्टेंट्स के बीच आपसी खुन्नस, खींचतान और तकरार खुलकर सामने आने लगी है. हालांकि वीकेंड का वार एपिसोड की शुरुआत हंसी-मजाक और सलमान खान के कूल अंदाज के साथ हुई, लेकिन देखते ही देखते माहौल पूरी तरह से बदल गया.
बिग बॉस या बिग लॉस टास्क में उतरी भड़ास
वीकेंड के वार पर सलमान खान ने घरवालों के साथ एक धमाकेदार ‘बिग बॉस या बिग लॉस’ टास्क खेला. इस टास्क का मकसद साफ था कि हर कंटेस्टेंट को यह बताना था कि उनके मुताबिक कौन सा खिलाड़ी गेम में फायदा यानी ‘बिग बॉस’ साबित हो रहा है और कौन सिर्फ ‘लॉस’ बनकर रह गया है.
इस मौके का फायदा उठाते हुए घरवलों ने अपनी दिल की भड़ास खुलकर निकाली. दोस्ती के नाम पर जहां कुछ लोगों की पीठ थपथपाई गई, वहीं दुश्मनी के तीखे तीर भी जमकर चले. अमन गांधी और आसिफ खान के बीच एक बार फिर तीखी बहस देखने को मिली, जहां आसिफ ने अमन पर ‘मक्खनबाजी’ करने का गंभीर आरोप लगाया, जिसका अमन ने भी कड़ा जवाब दिया.
कनिका-यंग की तनातनी
शो में हंसी-मजाक के बीच आपसी तनाव भी अपनी हदें पार करने लगा. कनिका और यंग के बीच अनबन जगजाहिर है, और इस टास्क के दौरान कनिका ने यंग की कमियों की ऐसी फेरिहर रख दी कि माहौल गर्म हो गया. कनिका का साफ कहना था कि यंग चाहते हैं कि घर की हर छोटी-बड़ी चीज उनके इशारे पर चले. इसके बाद पानी के स्प्रे वाले टास्क ने आग में घी डालने का काम किया.
लेकिन असली ड्रामा तब शुरू हुआ जब अरिश्फा खान और आम्रपाली दुबे की पुरानी तकरार फिर से सतह पर आ गई. बात इतनी बढ़ गई कि अरिश्फा खुद को रोक नहीं पाईं और कैमरे के सामने फूट-फूटकर रो पड़ीं.
ये भी पढ़ें- Bigg Boss 20: कहीं वॉशरूम पर छिड़ी जंग, तो कहीं आपस में भिड़े दो नौजवान; पहले ही हफ्ते में दिखा इतना बवाल
सलमान खान ने लगाई क्लास
वीकेंड का वार का असली मजा तब आया जब होस्ट सलमान खान ने अमन गांधी और उदिति सिंह की जमकर क्लास लगाई. सलमान ने खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि मेकर्स ने महीनों की मेहनत के बाद इन कंटेस्टेंट्स को चुना है लेकिन घर में आकर कुछ लोग अपनी असली क्षमता दिखाने से डर रहे हैं. उन्होंने उदिति पर तंज कसते हुए कहा कि वह शो में ‘रॉकस्टार’ बनने आई थीं, लेकिन यहां सिर्फ एक पत्थर की तरह बैठी रहती हैं. इसके अलावा रोहेद के शुरुआती एपिसोड्स में गायब रहने पर भी सलमान ने उन्हें आड़े हाथों लिया और साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अब भी वक्त है, नींद से जाग जाओ वरना बहुत देर हो जाएगी.
फिलहाल घर में अरिश्फा, उदिति, लव और कनिका पर एलिमिनेशन यानी एविक्शन की तलवार लटक रही है. सलमान ने इन चारों के सुस्त रवैये पर सवाल खड़े करते हुए सलाह दी कि अगर मौके सामने से चलकर नहीं आ रहे हैं, तो घर में बैठकर उनका इंतजार मत करो बल्कि खुद मौके पैदा करो.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
