Dhruandhar 2 box office collection: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 ने सिर्फ तीन दिनों में ऐसा धमाका कर दिया है कि हिंदी सिनेमा के इतिहास में इसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. ईद के मौके पर इस फिल्म के लिए दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिला. देशभर में कई सिनेमाघरों ने चौबीसों घंटे शो चलाए, कुछ जगहों पर तो एक ही दिन में लगभग 40 शोज हुए. इसके बावजूद टिकट मिलना मुश्किल रहा.
ईद पर बना रिकॉर्ड
शनिवार को फिल्म ने वो कर दिखाया जो पिछले आठ सालों से सिर्फ चर्चा में था. ईद 2026 के दिन धुरंधर 2 ने हिंदी वर्जन से ही 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई की. इससे पहले किसी भी हिंदी फिल्म ने एक दिन में इतना बड़ा आंकड़ा नहीं छुआ था.
हिंदी सिनेमा का सबसे बड़ा दिन
गुरुवार को फिल्म ने 102 करोड़ से ज्यादा की ओपनिंग की थी, जिसमें हिंदी से लगभग 99 करोड़ आए. उस वक्त यह रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंचकर चूक गई थी. लेकिन शनिवार को फिल्म ने इतिहास रच दिया. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ईद के दिन फिल्म ने 113 करोड़ नेट इंडिया कमाए, जिनमें से 105 करोड़ सिर्फ हिंदी वर्जन से आए. यह पहली बार हुआ कि किसी हिंदी फिल्म ने एक दिन में 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया. इससे पहले पुष्पा 2 ने चौथे दिन हिंदी से 86 करोड़ कमाए थे.
सबसे तेज 300 करोड़
शनिवार की कमाई के साथ धुरंधर 2 ने तीन दिन में ही 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया. पुष्पा 2 ने यह माइलस्टोन पांच दिन में हासिल किया था. अब धुरंधर 2 सबसे तेज 300 करोड़ कमाने वाली फिल्म बन गई है. तीन दिन का कुल नेट इंडिया कलेक्शन 339 करोड़ से ज्यादा पहुंच गया.
रविवार को भी धमाका
रविवार सुबह से ही फिल्म की रफ्तार और तेज हो गई. रिपोर्ट आने तक धुरंधर 2 लगभग 350 करोड़ नेट इंडिया कलेक्शन कर चुकी थी. इसने चार दिन पूरे होने से पहले ही बॉर्डर 2 (341 करोड़) को पीछे छोड़ दिया.
वर्ल्डवाइड आंकड़े
शुक्रवार तक फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 365 करोड़ था. शनिवार के घरेलू और ओवरसीज कलेक्शन जोड़कर यह तीन दिन (+प्रीव्यू) में ही 500 करोड़ का आंकड़ा पार कर गई.
आगे का अंदाजा
संडे की एडवांस बुकिंग देखकर साफ है कि फिल्म फिर से 100 करोड़ से ज्यादा का नेट इंडिया कलेक्शन कर सकती है. चार दिन में ही इसका नेट इंडिया आंकड़ा 400 करोड़ से ऊपर पहुंच जाएगा. दर्शकों की उत्सुकता और कहानी का रोमांच इसे लगातार आगे बढ़ा रहा है. वीकेंड का कलेक्शन बॉलीवुड के लिए नए रिकॉर्ड लेकर आएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


