Bharat Express DD Free Dish

सिनेमाघरों में ‘धुरंधर 2’ की सुनामी; तीसरे दिन भी खचाखच भरा रहेगा हॉल, 48 घंटे में रचा नया इतिहास

‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लेकर आई है. रणवीर सिंह की इस स्पाई थ्रिलर ने महज दो दिनों में ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 331 करोड़ का आंकड़ा छू लिया है. अब सबकी नजरें 500 करोड़ के क्लब पर हैं.

Dhurandhar 2 Box Office Collection of 2nd Day

Dhurandhar 2 Box Office: बॉलीवुड के ‘पावरहाउस’ कहे जाने वाले रणवीर सिंह एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर तूफान लेकर आए हैं. उनकी फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ (Dhurandhar 2) इस समय सिनेमाघरों में नोटों की बारिश कर रही है. फिल्म को लेकर दर्शकों में ऐसा क्रेज है कि ओपनिंग डे से लेकर अब तक इसके शोज हाउसफुल जा रहे हैं. आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस स्पाई थ्रिलर ने साबित कर दिया है कि अगर कंटेंट दमदार हो, तो दर्शक उसे सिर-आंखों पर बिठाने में देर नहीं करते.

तीसरे दिन भी कायम है जलवा

शुरुआती रुझानों और आंकड़ों की मानें तो तीसरे दिन भी फिल्म की पकड़ बेहद मजबूत है. फिल्म ने तीसरे दिन की शुरुआती घंटों में ही करीब 4.93 करोड़ की कमाई कर ली है, जिससे भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 231.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि शनिवार और रविवार की छुट्टी का फिल्म को बम्पर फायदा मिलेगा और ये आंकड़े शाम होते-होते और भी ज्यादा चमकेंगे. फिल्म का इंडिया ग्रॉस कलेक्शन अब 275.21 करोड़ के पार जा चुका है.

साउथ के वर्जन्स ने भरी नई जान

‘धुरंधर 2’ के लिए एक अच्छी खबर ये भी रही कि डबिंग और सर्टिफिकेशन की देरी की वजह से जो तेलुगु और तमिल वर्जन्स पहले रिलीज नहीं हो पाए थे, वे अब सिनेमाघरों में लग चुके हैं. साउथ बेल्ट से मिल रहे इस नए बूस्ट की वजह से फिल्म के ओवरऑल कलेक्शन में एक बड़ा जंप देखने को मिल रहा है. रणवीर सिंह की पैन-इंडिया अपील का फायदा फिल्म को साफ तौर पर मिलता दिख रहा है.

पुष्पा 2 से मुकाबला

अगर तुलना करें, तो अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ ने 164 करोड़ की ऐतिहासिक ओपनिंग लेकर एक अलग ही बेंचमार्क सेट किया था. ‘धुरंधर 2’ फिलहाल उस जादुई आंकड़े से थोड़ी पीछे जरूर है, लेकिन यह टॉप-4 ओपनिंग फिल्मों की लिस्ट में अपनी जगह पक्की कर चुकी है. सबसे चौंकाने वाली बात फिल्म का ग्रोथ ग्राफ है. फिल्म के पहले पार्ट ने जहां महज 28 करोड़ की ओपनिंग ली थी, वहीं इसके सीक्वल ने लगभग चार गुना ज्यादा रफ्तार से शुरुआत की है.

वर्ल्डवाइड Box Office पर ‘धुरंधर’ की दहाड़

सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी रणवीर सिंह का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है. महज दो दिनों के भीतर फिल्म ने वर्ल्डवाइड 331 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. इसमें ओवरसीज मार्केट का योगदान 64 करोड़ रुपये रहा है. जिस तेजी से यह फिल्म आगे बढ़ रही है, उसे देखकर लग रहा है कि जल्द ही यह 500 करोड़ के क्लब में एंट्री मार लेगी. अगर आप एक्शन और थ्रिलर के शौकीन हैं, तो यह फिल्म आपके वीकेंड का मजा दोगुना कर सकती है.

ये भी पढ़ें: बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर 2 की आंधी: जवान-पठान, एनिमल जैसी हिट फिल्‍में पिछड़ीं, ओपनिंग डे पर की इतनी ज्‍यादा कमाई

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read