Bharat Express DD Free Dish

एल्विश यादव और फाजिलपुरिया पर ED का शिकंजा, वन्यजीव अपराध में चार्जशीट दाखिल, ₹50 लाख की संपत्ति जब्त

Elvish Yadav ED Investigation Update: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एल्विश यादव और गायक राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया के खिलाफ यूट्यूब पर संरक्षित वन्यजीवों के वीडियो डालने से जुड़े धन शोधन मामले में आरोप पत्र दायर कर दिया है.

Elvish Yadav ED Investigation Update

Elvish Yadav ED Investigation Update: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और बिग बॉस विनर एल्विश यादव की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एल्विश यादव और गायक राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया के खिलाफ यूट्यूब पर संरक्षित वन्यजीवों के वीडियो डालने से जुड़े धन शोधन मामले में आरोप पत्र दायर कर दिया है.

ईडी ने 13 अक्टूबर को गुरुग्राम स्थित एक विशेष पीएमएलए (धन शोधन निवारण अधिनियम) अदालत में यह आरोप पत्र पेश किया. जिसमें कुल 4 आरोपियों के नाम हैं. जिसमें एल्विश यादव, फाजिलपुरिया, स्काई डिजिटल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशक गुरकरण सिंह धालीवाल हैं. हालांकि अदालत ने अभी तक इस शिकायत पर कोई औपचारिक संज्ञान नहीं लिया है.

क्या है दावा?

ईडी के द्वारा पेश किये गए आरोप पत्र में दावा किया गया है कि एल्विश यादव ने 2023 में कथित तौर पर एक यूट्यूब वीडियो से 84,000 रुपये कमाए थे. जिसमें उन्होंने एक जिंदा सांप और एक इगुआना दिखाया था. जिसे भारतीय वन्यजीव कानूनों के तहत संरक्षण प्राप्त है. मार्च 2023 को एक वीडियो अपलोड किया गया था. जिसमें आरोप लगाया गया है कि इस वीडियो में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन किया गया है.

फाजिलपुरिया पर क्या है आरोप?

राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया पर ’32’ नाम के एक म्यूजिक सॉन्ग वीडियो बनाने का आरोप है. जिसमें एक संरक्षित सरीसृप को दिखाया गया है. ईडी का दावा है कि इस वीडियो से फाजिलपुरिया ने 50 लाख रुपये से अधिक की अवैध कमाई की. ईडी का दावा है कि फाजिलपुरिया के कंटेंट का प्रबंधन और मुद्रीकरण करने वाले स्काई डिजिटल इंडिया ने कथित तौर पर राजस्व सृजन करने के लिए वीडियो वितरित करने में अहम भूमिका निभाई थी.

ये भी पढ़ें- कांग्रेस को विकास नहीं ‘बुर्का’ चाहिए, ये लोग फर्जी वोट डलवाएंगे- बिहार की रैली में CM योगी ने विपक्षियों को धिक्कारा

50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त

इस मामले में ईडी ने उत्तर प्रदेश के बिजनौर में फाजिलपुरिया के 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति और एल्विश यादव से जुड़ी 84000 की राशि को अस्थाई रूप से जब्त कर लिया है.

दरअसल यह मामला नोएडा और गुरुग्राम पुलिस के द्वारा दर्ज की गई एफआईआर से जुड़ा हुआ है. जिसमें यादव को पहले नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार किया था.

जांच एजेंसी का आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने ऑनलाइन लोकप्रियता और राजस्व को बढ़ाने के लिए अपने वीडियो में सांपों और इगुआना सहित कई विदेशी जानवरों का इस्तेमाल किया. जो स्पष्ट रूप से वन्यजीव संरक्षण मानदंडों का उल्लंघन है. वीडियो का मुद्रीकरण स्काई डिजिटल इंडिया के माध्यम से किया गया और यूट्यूब पर डाला गया. इस मामले में एल्विश यादव और फाजिलपुरिया से लखनऊ के कार्यालय में पूछताछ की गई.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read