Hai Jawani Toh Ishk Hona Hai Teaser: बॉलीवुड में जब भी बाप-बेटे की सुपरहिट जोड़ी का जिक्र होता है, तो डेविड धवन और वरुण धवन का नाम सबसे ऊपर आता है. ‘मैं तेरा हीरो’ और ‘जुड़वा 2’ की जबरदस्त सफलता के बाद ये जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार है. उनकी अगली फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का पहला लुक यानी टीजर रिलीज कर दिया गया है, जिसे देखकर फैन्स पुरानी कॉमेडी फिल्मों की यादों में खो गए हैं. 1 मिनट 7 सेकंड के इस मजेदार वीडियो ने सोशल मीडिया पर आते ही हलचल मचा दी है.
AI का अनोखा इस्तेमाल
फिल्म के टीजर की शुरुआत काफी दिलचस्प और हटकर है. इसमें एआई तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. वीडियो में दो छोटे बच्चे आपस में बात करते नजर आते हैं. बातचीत के दौरान उन्हें पता चलता है कि उनकी माताएं तो अलग-अलग हैं, लेकिन पिता एक ही है. हद तो तब हो जाती है जब उन्हें पता चलता है कि उनका जन्मदिन भी एक ही दिन आता है. बच्चों की ये मासूम और शरारती बातचीत फिल्म की कहानी को लेकर सस्पेंस और कॉमेडी का तड़का लगाती है. इसी के साथ वरुण धवन का मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े के साथ रोमांस और मस्ती भरा अंदाज भी देखने को मिलता है.
फैन्स हुए गदगद
फिल्म की पहली झलक मिलते ही फैन्स ने इसे हाथों-हाथ लिया है. वरुण धवन एक बार फिर उसी शरारती और नटखट अंदाज में दिख रहे हैं, जिसके लिए वे मशहूर हैं. टीजर देख एक यूजर ने लिखा, “डेविड धवन साहब पूरे एंटरटेनमेंट के साथ वापस आ रहे हैं.”
वहीं, कई लोगों का कहना है कि इस टीजर को देखकर गोविंदा और अक्षय कुमार की पुरानी फिल्मों वाली विंटेज यादें ताजा हो गई. सोशल मीडिया पर लोग उन बच्चों के किरदारों की भी जमकर तारीफ कर रहे हैं जिन्होंने अपने ‘एक ही बाप’ होने का पता लगा लिया.
रिलीज डेट में हुआ बड़ा बदलाव
फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो वरुण के साथ मृणाल ठाकुर, पूजा हेगड़े और मौनी रॉय मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी. पहले ये फिल्म 12 जून 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन फैन्स के उत्साह को देखते हुए मेकर्स ने इसे पहले ही रिलीज करने का फैसला किया है. अब ‘है जवानी तो इश्क होना है’ अगले महीने यानी 22 मई 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. डेविड धवन के निर्देशन में बन रही इस फिल्म से उम्मीद की जा रही है कि ये एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर कॉमेडी का सूखा खत्म करेगी.
ये भी पढ़ें: आशा भोसले के अंतिम संस्कार पर दिखा बॉलीवुड का असली सच, क्या सोशल मीडिया तक सीमित था दुख का सागर?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




