नीम करोली बाबा के दिव्य जीवन और उनकी चमत्कारी शिक्षाओं पर बनी हिंदी फीचर फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों देश भर के सिनेमाघरों में धूम मचा रही है. इसी बीच फिल्म की निर्माता अनूप्रिया ए. नागर ने नई दिल्ली में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से खास मुलाकात की.
बता दें कि 13 अगस्त को हुई इस उच्च स्तरीय मुलाकात के दौरान फिल्म की कहानी, आस्था, हनुमान भक्ति और निष्काम सेवा भाव पर गहन आध्यात्मिक चर्चा हुई. 7 अगस्त 2026 से सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी इस फिल्म की कहानी और भक्ति भाव की पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने खुलकर सराहना की है.
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने बांधे तारीफों के पुल
फिल्म की निर्माता अनूप्रिया ए. नागर ने बागेश्वर सरकार यानी पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात कर उन्हें अपनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ की पूरी कहानी और इसके निर्माण के पीछे के आध्यात्मिक दृष्टिकोण के बारे में बताया. पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने फिल्म में दिखाई गई सनातन संस्कृति, आस्था और भगवान हनुमान के प्रति अगाध प्रेम की जमकर तारीफ की. निर्माता ने इस मुलाकात को फिल्म की सफलता और इसके आध्यात्मिक पक्ष के लिए एक बेहद पावन आशीर्वाद बताया है.
नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित है ‘हनुमान अंश’
ज्ञात रहे ‘हनुमान अंश’ श्री नीम करोली बाबा के पावन जीवन और उनके अलौकिक आध्यात्मिक संदेशों पर आधारित एक बेहद खास फिल्म है. फिल्म में किच्छा धाम के संत नीम करोली बाबा की दिव्य जीवन यात्रा और भगवान हनुमान के प्रति उनकी अटूट भक्ति को मुख्य केंद्र में रखा गया है.
फिल्म का निर्माण ‘स्वंभु मीडिया नेटवर्क’ के बैनर तले हुआ है. दर्शकों को बांधे रखने के लिए फिल्म में कुल 10 मौलिक भक्ति गीत और मंत्र शामिल किए गए हैं, जो कीर्तन परंपरा के जरिए बाबा की शिक्षाओं को सीधे दिल तक पहुंचाते हैं.
फिल्म बनाने से पहले की कड़ी तपस्या
बता दें कि अर्थशास्त्र की पढ़ाई कर चुकीं फिल्म निर्माता अनूप्रिया ए. नागर ने इस प्रोजेक्ट के लिए भारी रिसर्च की है. फिल्म की शूटिंग और निर्माण शुरू करने से पहले उन्होंने नीम करोली बाबा को करीब से जानने वाले परिवारों और प्रत्यक्षदर्शियों से व्यक्तिगत मुलाकात की.
यही नहीं, अनूप्रिया ने फिल्म की शुरुआत से पहले 43 दिनों तक अखंड हनुमान चालीसा का पाठ भी पूरा किया. अनूप्रिया का कहना है कि उन्होंने यह कहानी खुद नहीं चुनी, बल्कि बाबा की कृपा से यह कहानी उन तक पहुंची है ताकि वह नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और भक्ति से जोड़ सकें.
यह भी पढ़ें: सिनेमाघरों में रिलीज हुई नीम करोली बाबा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’, दर्शकों ने की जमकर तारीफ
7 अगस्त से टॉकीजों में बज रहा डंका
‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त 2026 से देश के कोने-कोने में सिनेमाघरों में सफलतापूर्वक प्रदर्शित हो रही है. बाबा नीम करोली के देश-विदेश में फैले लाखों भक्तों और सनातन प्रेमियों के बीच इस फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. फिल्म की निर्माता अनूप्रिया ए. नागर इन दिनों नई दिल्ली में मीडिया इंटरव्यूज, पॉडकास्ट और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए फिल्म के प्रचार-प्रसार में जुटी हुई हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
