काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर की शादी तय
Kavya Maran & Anirudh Ravichander Wedding: दक्षिण भारत के मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन की शादी को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं पर अब लगभग मुहर लग चुकी है. तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय से सामने आई जानकारी के मुताबिक, सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन और उनकी पत्नी कावेरी मारन ने हाल ही में मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने 21 नवंबर को चेन्नई में आयोजित होने वाले भव्य वेडिंग रिसेप्शन में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया.
शादी की खबर से फैंस में उत्साह
अनिरुद्ध और काव्या की शादी की जानकारी सामने आने के बाद मनोरंजन और खेल जगत में खुशी का माहौल देखा जा रहा है. दोनों अपने-अपने क्षेत्र में बड़ी पहचान रखते हैं. दिलचस्प बात यह है कि सिर्फ करियर ही नहीं, शिक्षा के मामले में भी दोनों का रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है. उनकी पढ़ाई और पेशेवर उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणा मानी जा रही हैं.
अनिरुद्ध रविचंदर ने कैसे बनाई संगीत की मजबूत नींव?
दुनियाभर में ‘व्हाय दिस कोलावरी डी’ और फिल्म ‘जवान’ के संगीत से लोकप्रियता हासिल करने वाले अनिरुद्ध रविचंदर ने अपनी स्कूली शिक्षा चेन्नई के पद्मा शेषाद्री बाल भवन (PSBB) से पूरी की. बचपन से ही संगीत में रुचि रखने वाले अनिरुद्ध ने पढ़ाई और कला दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ने का फैसला किया.
कॉमर्स से ग्रेजुएशन फिर साउंड इंजीनियरिंग की पढ़ाई
स्कूलिंग के बाद उन्होंने चेन्नई के प्रतिष्ठित लोयोला कॉलेज से बैचलर ऑफ कॉमर्स (BCom) की डिग्री प्राप्त की. संगीत को पेशेवर स्तर पर समझने और उसकी तकनीकी बारीकियों में महारत हासिल करने के लिए उन्होंने साउंडटेक मीडिया से साउंड इंजीनियरिंग का डिप्लोमा भी किया. यही तकनीकी प्रशिक्षण उनके संगीत को अलग पहचान दिलाने में मददगार माना जाता है.
ट्रिनिटी कॉलेज से सीखी पियानो की बारीकियां
अनिरुद्ध ने केवल आधुनिक संगीत तक खुद को सीमित नहीं रखा. उन्होंने लंदन के प्रसिद्ध ट्रिनिटी कॉलेज ऑफ म्यूजिक से पियानो की औपचारिक शिक्षा हासिल की. इसके साथ ही भारतीय शास्त्रीय और कर्नाटक संगीत का भी अध्ययन किया, जिससे उनकी संगीत शैली को और व्यापक पहचान मिली.
काव्या मारन की पढ़ाई भी किसी से कम नहीं
सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ के रूप में चर्चित काव्या मारन ने भी शिक्षा के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने चेन्नई के प्रतिष्ठित स्टेला मैरिस कॉलेज से बीकॉम की डिग्री हासिल की. इसके बाद बिजनेस मैनेजमेंट की गहरी समझ विकसित करने के लिए विदेश का रुख किया.
यूके से एमबीए कर संभाली बड़ी जिम्मेदारियां
काव्या ने ब्रिटेन के वारविक बिजनेस स्कूल से एमबीए की पढ़ाई पूरी की. यही शिक्षा उन्हें कॉर्पोरेट जगत और स्पोर्ट्स मैनेजमेंट में मजबूत आधार प्रदान करती है. IPL ऑक्शन से लेकर सन ग्रुप के विभिन्न कारोबारी संचालन तक, वह कई अहम जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से संभालती हैं.
ये भी पढ़ें-Bigg Boss 20: वीकेंड का वार में फूटा भाईजान का गुस्सा! काजी तौकीर की लगी क्लास
करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं दोनों
शिक्षा और करियर में सफलता हासिल करने के साथ-साथ अनिरुद्ध और काव्या आर्थिक रूप से भी बेहद मजबूत हैं. संगीत, लाइव शो और ब्रांड एंडोर्समेंट से कमाई करने वाले अनिरुद्ध रविचंदर की अनुमानित कुल संपत्ति 50 से 60 करोड़ रुपये बताई जाती है.
वहीं काव्या मारन, जो सन ग्रुप की उत्तराधिकारी मानी जाती हैं और IPL फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, उनकी व्यक्तिगत और पारिवारिक संपत्ति का अनुमान 400 से 500 करोड़ रुपये से अधिक लगाया जाता है. यही वजह है कि यह शादी सिर्फ एंटरटेनमेंट और स्पोर्ट्स जगत ही नहीं, बल्कि बिजनेस जगत में भी चर्चा का बड़ा विषय बन गई है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


