Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

‘लेकिन सी शंकरन नायर ऐसा नहीं कहते…’ ‘Kesari Chapter 2’ की तारीफ के बीच शशि थरूर ने कह दी ये बड़ी बात

‘Kesari Chapter 2’ को शशि थरूर ने बेहतरीन बताया लेकिन फिल्म में अक्षय कुमार द्वारा बोले गए कुछ शब्दों पर आपत्ति जताई. जानिए थरूर ने क्या कहा जलियांवाला बाग हत्याकांड पर बनी इस फिल्म के बारे में.

Kesari Chapter 2

Kesari Chapter 2: जालियांवाला हत्याकांड पर बनी हालिया रिलीज फिल्म ‘केसरी चैप्टर 2’ को दर्शकों के साथ ही फिल्म जगत के तमाम सितारों की ओर से भी खूब सराहना मिल रही है. अक्षय कुमार, आर माधवन और अनन्या पांडे स्टारर फिल्म को कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी देखा. उन्होंने फिल्म की खूब तारीफ की. हालांकि, इस बीच उन्होंने एक बात नोटिस की और कहा कि सी शंकरन नायर ऐसा कभी नहीं करते.

शशि थरूर ने दावा किया कि शंकरन नायर कभी भी ‘केसरी चैप्टर 2’ में अक्षय कुमार के इस्तेमाल किए शब्दों का इस्तेमाल नहीं करते. फिल्म देखने के बाद शशि थरूर ने फिल्म की तारीफ करते हुए अपनी राय व्यक्त की.

शंकरन नायर के संवादों पर जताई आपत्ति

कांग्रेस सांसद ने कहा, “मुझे लगा कि यह बेहतरीन ढंग से बनाई गई फिल्म है. फिल्म को ऐतिहासिक तथ्यों के साथ कुछ छूट है, लेकिन यह शुरुआत में ही कहा गया कि यह काल्पनिक है. लेकिन इसने प्रतिरोध की भावना को ब्रिटिश कोर्ट सिस्टम के साथ थामे रखा. फिल्म का संदेश शानदार ढंग से दिया गया. मैं कहना चाहूंगा कि हाई क्वालिटी वाले निर्माण में अभिनय, निर्देशन, कहानी को जिस तरह से पेश किया गया, वह शानदार है. फिल्म का एक भी सीन नीरस नहीं है.”

कांग्रेस सांसद ने फिल्म में एक बात नोटिस की और कहा, “मुझे चिंता थी कि कई लोगों के लिए कोर्ट रूम के सीन्स देखना नीरस होगा लेकिन जिस तरह से कहानी सामने आई, मुझे लगता है कि एक सेकंड के लिए भी अपनी नजर हटाना मुश्किल था. बहुत ही शानदार, मैं लंबे समय से शंकरन नायर सर का प्रशंसक हूं. आठ साल पहले मैंने एक भाषण के दौरान उनके जीवन और उपलब्धियों पर बात की थी. कुछ लोग उन्हें बहुत रोमांटिक बताते हैं, लेकिन वह एक साहसी, सिद्धांतवादी और ईमानदार व्यक्ति थे. वह कभी भी अक्षय कुमार द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले कुछ शब्दों का इस्तेमाल नहीं करते, खासकर चार अक्षरों का शब्द, ऐसे में कभी नहीं निकलता.”

‘केसरी चैप्टर 2’ के निर्देशन और अभिनय की तारीफ

उन्होंने आगे कहा, “मैं आपको यह निश्चित रूप से बता दूं कि एक स्पष्ट मैसेज को शानदार तरीके से दिया गया है. मैं कहूंगा कि हम सबको इतिहास के कुछ अत्याचार को याद करने के लिए ऐसी फिल्मों की आवश्यकता है. जलियांवाला बाग ब्रिटिश राज के सबसे बुरे कर्मों में से एक के प्रतीक रूप में है. मुझे गर्व है कि मैंने ब्रिटिश एंपायर पर लिखी अपनी किताब ‘अन एरा ऑफ डार्कनेस: द ब्रिटिश एम्पायर इन इंडिया के बाद जब यूके में बुक टूर किया, तो मैंने माफी मांगने की बात पर जोर दिया था. नरसंहार के लिए माफी की जरूरत है और मुझे खुशी है कि फिल्म के अंत में उन्होंने यह बात कही कि एक चीज जो अंग्रेजों ने कभी नहीं की, वह है माफी.”

थरूर ने आगे कहा, “2019 में 100वीं वर्षगांठ पर (ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा मे) प्रधानमंत्री ने हाउस ऑफ कॉमन्स में भाषण दिया था, लेकिन उन्होंने बस इतना कहा कि उन्हें उस दिन की घटनाओं पर खेद है. यह माफी नहीं थी और मुझे लगता है कि यह फिल्म अंग्रेजों और हम सभी को याद दिलाती है कि माफी अभी भी बाकी है. फिल्म निर्माताओं को बधाई. उन्होंने शानदार काम किया है और मैं देशवासियों को फिल्म देखने की सलाह दूंगा.”

करण सिंह त्यागी के निर्देशन में बनी ‘केसरी: चैप्टर 2’ अक्षय कुमार के साथ आर. माधवन, अनन्या पांडे और रेजिना कैसेंड्रा भी अहम भूमिकाओं में हैं. जलियांवाला बाग हत्याकांड पर बनी यह फिल्म 18 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है.

ये भी पढ़ें: कंटेंट क्रीएटर मीशा अग्रवाल का 24 साल की उम्र में निधन, फैंस शौक में

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital