Rashmika Mandanna Mehendi Saree: साउथ से लेकर बॉलीवुड तक अपनी मुस्कान से करोड़ों दिलों को जीतने वाली रश्मिका मंदाना इन दिनों अपनी लाइफ के सबसे खूबसूरत दौर में हैं. अभिनेता विजय देवरकोंडा के साथ शादी के बंधन में बंधने के बाद, सोशल मीडिया पर इस जोड़ी की वेडिंग फोटोज ने जैसे आग लगा दी है. लेकिन इन सबके बीच रश्मिका की मेहंदी सेरेमनी की एक तस्वीर ने फैशन की दुनिया में तहलका मचा दिया है. उन्होंने जो साड़ी पहनी थी, उसे देखकर लोग अपनी नजरें नहीं हटा पा रहे हैं.
एक साड़ी, जो चलती-फिरती इबादत है
रश्मिका की इस साड़ी को मशहूर डिजाइनर करण तोरानी ने तैयार किया है. लेकिन यह महज कोई साड़ी नहीं, बल्कि भारतीय कला का एक नायाब नमूना है. इसकी सबसे बड़ी खासियत है इस पर बनी देवी लक्ष्मी की पेंटिंग, जो साल 1825 की ऐतिहासिक तंजौर पेंटिंग से प्रेरित है.

साड़ी के पल्लू पर एक विशाल मंदिर का मेहराब बनाया गया है, जिसके भीतर धन की देवी लक्ष्मी की छवि बेहद खूबसूरती से उकेरी गई है. डिजाइनर की सोच इसे एक ‘चलते-फिरते मंदिर’ का रूप देने की थी, ताकि जब रश्मिका इसे पहनें, तो सादगी और आध्यात्मिकता का एक अनूठा मेल दिखे.
4,000 घंटों की मेहनत का नतीजा
आजकल मशीन से बनी साड़ियां घंटों में तैयार हो जाती हैं, लेकिन इस मास्टरपीस को बनाने में कारीगरों ने अपना खून-पसीना एक कर दिया. इसे तैयार करने में लगभग 4,000 घंटों का समय लगा. बारीक बुनाई और एक-एक धागे को रश्मिका की सादगी को ध्यान में रखकर पिरोया गया है.

करण तोरानी का कहना है कि रश्मिका का स्टारडम तो है ही, लेकिन उनकी सादगी ही उन्हें सबसे अलग बनाती है, और यही बात इस साड़ी के डिजाइन में भी नजर आती है.
रत्नों और हीरों की शाही चमक
अपनी इस साड़ी के साथ रश्मिका ने गहनों के मामले में भी कोई कमी नहीं छोड़ी. उन्होंने बर्मीज रत्नों से जड़ा एक शानदार रोज-कट डायमंड नेकलेस पहना था. पारंपरिक तंजौर आर्ट और आधुनिक हीरों का यह संगम उन्हें किसी राजसी राजकुमारी जैसा लुक दे रहा था. रश्मिका का यह अवतार इंटरनेट पर उन सभी लड़कियों के लिए प्रेरणा बन गया है जो अपनी शादी में कुछ क्लासिक और पारंपरिक पहनना चाहती हैं.
ये भी पढ़ें- बॉलीवुड को लेकर तनुश्री दत्ता का बड़ा खुलासा, बताया कैसे न्यूकमर्स को फंसाकर धकेला जाता है देह व्यापार के दलदल में
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



