Bharat Express DD Free Dish

Ravi Kishan Birthday: जब पिता की पिटाई के बाद घर से भागे, जेब में थे सिर्फ 500 रुपये, कुछ ऐसी है रवि किशन के फिल्मी संघर्ष की कहानी

भोजपुरी सुपरस्टार रवि किशन के 56वें जन्मदिन पर जानिए उनका भावुक संघर्ष, जब रामलीला में सीता बनने पर पिता ने पीटा और मां ने जान बचाने के लिए 500 रुपये देकर घर से भगा दिया. आज वही रवि किशन बन चुके हैं स्टार और सांसद.

ravi kishan birthday

Ravi Kishan Birthday: अगर आप भोजपुरी सिनेमा के दीवाने हैं या हिंदी फिल्मों में देसी अंदाज़ पसंद करते हैं, तो रवि किशन का नाम अनजान नहीं होगा. लेकिन पर्दे पर जितने मज़बूत दिखते हैं, उनकी असल जिंदगी उससे कहीं ज़्यादा संघर्षों से भरी रही है.

आज रवि किशन अपना 56वा जन्मदिन मना रहे हैं और इसी मौके पर उनकी ज़िंदगी के उस दर्दनाक किस्से को याद करते हैं, जब एक बार पिता की मार खाकर वो घर छोड़कर मुंबई भाग निकले थे.

जब रामलीला में बने सीता, पिता का फूट पड़ा गुस्सा

रवि किशन को बचपन से ही एक्टिंग का जबरदस्त शौक था. स्कूल-कॉलेज तो दूर, गांव की रामलीला में वो सीता की भूमिका निभाते थे.साड़ी पहनकर, लाज-शर्म ओढ़कर, मंच पर डायलॉग बोलते हुए. लेकिन ये शौक उनके पिता को बिल्कुल भी पसंद नहीं था.

एक दिन जब वो अपनी मां की साड़ी पहनकर रामलीला में रिहर्सल कर रहे थे, तो किसी ने उनके पिता को बता दिया. जैसे ही रवि घर लौटे, उनके पिता ने गुस्से में उन्हें चमड़े की बेल्ट से इतना मारा कि उनकी चमड़ी छिल गई.

रवि ने खुद एक पॉडकास्ट में इस दर्दनाक अनुभव को शेयर करते हुए कहा, “ऐसा लगा जैसे पापा ने सोच लिया था कि अब इसे खत्म ही कर देना है, न रहेगा बांस, न बजेगी बांसुरी.”

मां ने दी जान बचाने की सलाह और 500 रुपये

पिटाई के बाद घर का माहौल इतना बिगड़ गया कि मां को डर लगने लगा कि अगली बार उनके बेटे की जान जा सकती है. उसी रात मां ने रवि को चुपचाप 500 रुपये थमाए और कहा, “अब यहां से भाग जा बेटा, नहीं तो वो तुझे मार डालेंगे.”तब रवि किशन सिर्फ 14-15 साल के थे.

मां के आशीर्वाद और जेब में बस 500 रुपये लेकर वो निकल पड़े सपनों के शहर मुंबई की ओर, जहां न कोई ठिकाना था, न जान-पहचान.

मुंबई में शुरू हुआ असली संघर्ष

मुंबई की गलियों में पैर टिकाना आसान नहीं था. एक गांव के लड़के के लिए, जो घर से डर के मारे भागा था, मायानगरी की चमक-दमक के पीछे की सच्चाई बहुत कठोर थी. लेकिन रवि किशन ने हार नहीं मानी.

छोटे-मोटे रोल किए, स्ट्रगल किया और अपनी मेहनत से वो मुकाम पाया, जहां आज उनका नाम भोजपुरी से लेकर बॉलीवुड और ओटीटी तक गूंजता है.

फिल्मों में भी बिखेर रहे हैं जलवा

रवि किशन हाल ही में आमिर खान प्रोड्यूस्ड फिल्म ‘लापता लेडीज’ में नजर आए, जिसमें उन्होंने पुलिस इंस्पेक्टर श्याम मनोहर का किरदार निभाया और अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का दिल जीत लिया. ये फिल्म इतनी पसंद की गई कि उसे ऑस्कर के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री भी बना दिया गया.

अब रवि किशन ‘सन ऑफ सरदार 2’ में नज़र आने वाले हैं, जिसमें वो सरदार का रोल निभा रहे हैं. अजय देवगन और मृणाल ठाकुर के साथ उनकी ये फिल्म 25 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

ये भी पढ़ें- Bhumi Pednekar: कभी बढ़ाया वजन, तो कभी सीखा बंदूक चलाना… ‘दम लगा के हईशा’ से ‘सोनचिरैया’ तक हर किरदार में डाली जान

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read