Bharat Express DD Free Dish

बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप, ओटीटी पर हिट, सोनाक्षी सिन्हा के करियर का पूरा सफर

सोनाक्षी सिन्हा ने दबंग से धमाकेदार शुरुआत की थी लेकिन बॉक्स ऑफिस पर उनकी फिल्में लगातार फ्लॉप रहीं. वहीं ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दहाड़ और हीरामंडी जैसी सीरीज से उन्हें नई पहचान मिली.

Sonakshi Sinha Career: बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने अपने करियर की शुरुआत सलमान खान के साथ फिल्म दबंग से की थी और यह फिल्म सुपरहिट रही थी. शुरुआत इतनी धमाकेदार रही कि लगा सोनाक्षी का करियर लंबे समय तक चमकता रहेगा. शुरुआती दौर में राउडी राठौर, सन ऑफ सरदार और दबंग 2 जैसी फिल्मों ने भी अच्छा बिजनेस किया लेकिन धीरे-धीरे उनकी फिल्मों का ग्राफ गिरता चला गया और बॉक्स ऑफिस पर उन्हें लगातार निराशा हाथ लगी.

सोनाक्षी का बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष

पिछले कुछ सालों में सोनाक्षी ने अपने वर्किंग पैटर्न में बदलाव किया है. उन्होंने फिल्मों के चयन में एक्सपेरिमेंट करना शुरू किया और हॉरर फिल्मों की तरफ रुख किया. हालांकि उनकी सुपरनेचुरल-हॉरर बेस्ड फिल्में सिनेमाघरों में खास कमाल नहीं दिखा सकीं. निकिता रॉय और जटाधरा जैसी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुईं. वहीं डबल एक्स एल तो डेढ़ करोड़ रुपए भी नहीं कमा सकी. यानी पिछले तीन सालों में उनके किसी भी प्रोजेक्ट ने बॉक्स ऑफिस पर दम नहीं दिखाया.

सोनाक्षी की फिल्मों का पैटर्न

सोनाक्षी की फिल्मों का पैटर्न साफ है, जब वे बड़े स्टार्स के साथ स्क्रीन शेयर करती हैं तो फिल्मों को कुछ हद तक फायदा मिलता है. जैसे अक्षय कुमार के साथ उनकी वन्स अपऑन अ टाइम इन मुंबई दोबारा और हॉलीडे को दर्शकों ने पसंद किया लेकिन जब उन्होंने सोलो लीड या औसत स्टार्स के साथ काम किया तो फिल्में दर्शकों को खींचने में नाकाम रहीं. तेवर, अकीरा, बुलेट राजा, आर राजकुमार, लाल कप्तान, खानदानी सफाखाना, इत्तेफाक, वेलकम टू न्यूयॉर्क और कलंक जैसी फिल्मों का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा.

सोनाक्षी का ओटीटी पर बढ़ता ग्राफ

हालांकि सोनाक्षी के लिए ओटीटी प्लेटफॉर्म किसी वरदान से कम नहीं रहा. यहां उनकी परफॉर्मेंस को खूब सराहा गया. उनकी सीरीज दहाड़ ने उन्हें नए सिरे से पहचान दिलाई. इसके बाद संजय लीला भंसाली की हीरामंडी में उनके डबल रोल ने दर्शकों को प्रभावित किया. ओटीटी पर आई उनकी फिल्म काकुडा को भले ही बहुत बड़ा रिस्पॉन्स न मिला हो लेकिन इसे फ्लॉप भी नहीं कहा जा सकता. यानी ओटीटी पर सोनाक्षी का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है.

बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष, ओटीटी पर सफलता

कुल मिलाकर सोनाक्षी सिन्हा का करियर दो हिस्सों में बंटा नजर आता है पहला बॉक्स ऑफिस पर लगातार फ्लॉप और दूसरा ओटीटी पर लगातार हिट. उन्होंने अपने क्राफ्ट पर काम किया है और सोलो फिल्में करने की हिम्मत भी दिखाई है लेकिन सिनेमाघरों में उनकी फिल्में दर्शकों को आकर्षित नहीं कर पा रही हैं. वहीं ओटीटी पर उनकी एक्टिंग को सम्मान और सराहना मिल रही है.

ये भी पढ़ें-कांगो की खान में बड़ा हादसा, पुल गिरने से 40 की मौत, वजह आई सामने

अब देखना होगा कि आने वाले समय में सोनाक्षी अपने बॉक्स ऑफिस ट्रैक रिकॉर्ड को कैसे संभालती हैं और कौन से नए प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनती हैं. फिलहाल उनके अपकमिंग प्रोजेक्ट्स पर ज्यादा जानकारी नहीं है लेकिन इतना तय है कि ओटीटी पर उनका सफर मजबूत हो चुका है और यहां उन्हें दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read