भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच एक बार फिर गठबंधन की कड़ी जुड़ने के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से जुड़ा वर्षों पुराना एक दिलचस्प किस्सा सामने आया है. ‘मोदी स्टोरी’ नाम के एक्स अकाउंट ने एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें बताया गया है कि चुनाव के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी के लिए प्रकाश सिंह बादल ने अपना खास ‘लिफ्ट वाला रथ’ ड्राइवर और फुल टैंक के साथ दे दिया था.
वीडियो में बताया गया है कि भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का रिश्ता दशकों पुराना है और दोनों नेताओं के बीच भी आत्मीय संबंध रहे हैं. इसी रिश्ते से जुड़ा यह किस्सा उस दौर का है, जब प्रकाश सिंह बादल ने पैर में चोट के बाद एक विशेष रथ बनवाया था, जिसमें लिफ्ट की सुविधा थी और वह उसके जरिए मंच या वाहन से बाहर निकलते थे.
बड़े अच्छे बंदे हैं, चंगे बंदे हैं, ले जाओ…”
जब नरेंद्र मोदी के लिए स्व. प्रकाश सिंह बादल जी ने अपना खास ‘लिफ्ट वाला रथ’ ड्राइवर और फुल टैंक के साथ भेज दिया था।
लगभग 3 दशक पुराने इसी भरोसे और गठबंधन की कड़ी को जोड़ते हुए, कल पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अकाली दल और भाजपा फिर साथ आए हैं।
सुनिए यह अनसुना किस्सा।
#Modistory #AkaliDal
— Modi Story (@themodistory) November 25, 2026
बादल साहब का रथ इस्तेमाल करना
वीडियो में किस्सा सुनाते हुए बताया गया कि एक चुनाव के दौरान पीएम मोदी ने बादल साहब का रथ इस्तेमाल करने की इच्छा जताई थी. इसके बाद रथ लेने के लिए प्रकाश सिंह बादल से संपर्क किया गया.
किस्सा सुनाने वाले व्यक्ति के मुताबिक, जब वह बादल साहब के पास रथ मांगने पहुंचे तो उन्होंने पहले पूछा कि रथ किसके लिए चाहिए. जवाब में नरेंद्र मोदी का नाम बताया गया. इस पर प्रकाश सिंह बादल ने कहा, “बड़े अच्छे बंदे हैं, चंगे बंदे हैं, ले जाओ.”
उन्होंने बताया कि जब ड्राइवर की भी मांग की गई, तो बादल साहब ने इसके लिए भी तुरंत सहमति दे दी. इतना ही नहीं, उन्होंने रथ का तेल भी फुल कराने की बात कही.
‘गुजरात वालों को पता नहीं चलना चाहिए’
वीडियो में बताया गया कि रथ और ड्राइवर मिलने की सूचना नरेंद्र मोदी को दी गई, लेकिन उन्होंने इसे गुजरात में सार्वजनिक नहीं करने की बात कही. किस्सा सुनाने वाले के अनुसार, मोदी ने कहा था कि रथ रात में लेकर आना, गुजरात वालों को पता नहीं चलना चाहिए कि इसे बादल साहब से मांगकर लाया गया है.
यह किस्सा भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक सहयोग और दोनों नेताओं के आपसी संबंधों की एक दिलचस्प झलक पेश करता है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




