भारतीय सिनेमा की पहली फीमेल सुपरस्टार और लिजेंड्री दिवंगत एक्ट्रेस श्रीदेवी की जयंती (13 अगस्त 2026) के अवसर पर उन्हें खास तरह से श्रद्धांजलि अर्पित की गई. बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने श्रीदेवी के जीवन पर आधारित ‘Empress: The Definitive Biography of Sridevi’ बायोग्राफी बुक का फर्स्ट लुक शेयर किया. इसे श्रीदेवी के जीवन पर लिखी गई सबसे विश्वसनीय किताब माना जा रहा है. श्रीदेवी के फैंस को यह किताब नवंबर महीने से पढ़ने को मिलेगी.
इस किताब के लेखक हैं धीरज कुमार और पब्लिशर है- वेस्टलैंड बुक्स. इस बहुप्रतीक्षित बायोग्राफी का कवर आज बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी धाक जमाने वाली ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर साझा किया. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- “द वन एंड ओनली… आपकी बहुत याद आती है. हैप्पी हेवनली बर्थडे #Sridevi #Empress… कमिंग सून”.
बायोग्राफी का कवर सोशल मीडिया पर ट्रेंड
श्रीदेवी की आधिकारिक बायोग्राफी ‘Empress’ का कवर दिखते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर #Sridevi ट्रेंड करने लगा.

नवंबर में रिलीज होगी यह किताब
श्रीदेवी पर आधारित किताब ‘Empress: The Definitive Biography of Sridevi’ नवंबर में रिलीज होने वाली है. परिवार की नजदीकी और प्रामाणिक शोध के आधार पर लिखी गई इस बुक को श्रीदेवी के जीवन पर अब तक की सबसे प्रामाणिक व ऑथेंटिक कितबा माना जा रहा है. इसमे उनके बचपन के शुरुआती अभिनय सफर से लेकर भारतीय सिनेमा पर छाई अजेय विरासत को विस्तार से बयां करती है.
‘Empress’ के लेखक धीरज कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस किताब से जुड़ी कई भावनात्मक और महत्वपूर्ण बातें साझा कीं. धीरज कुमार ने कहा कि श्रीदेवी जी को व्यक्तिगत रूप से जानने के बाद, 5 भाषाओं, 5 दशकों और 300 से अधिक फिल्मों में फैले उनके असाधारण अभिनय सफर को दर्ज करना मेरे लिए एक दुर्लभ अनुभव था रहा है.

उन्होंने आगे कहा कि श्रीदेवी दुनिया के महानतम अभिनेताओं में से एक हैं और एक ऐसी दक्षिण एशियाई आइकन हैं, जिन्होंने अपनी कला और फिल्मों से 100 करोड़ (एक अरब) से अधिक जिंदगियों को छुआ है. धीरज कुमार ने बोनी कपूर का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके समर्थन के बिना महान अभिनेत्री की दुर्लभ तस्वीरों और अनसुनी कहानियों तक पहुंच संभव नहीं थी.
सिनेमा जगत का योगदान
धीरज कुमार ने हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सिनेमा के दिग्गजों, वेस्टलैंड बुक्स (Westland Books) और अपने लिटरेरी एजेंट अनीश का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने भारत की पहली महिला सुपरस्टार की कहानी को दुनिया के सामने लाने में मदद की.
वेस्टलैंड ने प्रियंका चोपड़ा को क्यों चुना गया?
पब्लिशिंग हाउस ‘वेस्टलैंड बुक्स’ की एडिटर कार्तिका वी ने प्रियंका चोपड़ा को एक पत्र लिखा है. इसमें कहा गया है कि बोनी कपूर ने खुद इस बायोग्राफी का कवर लॉन्च करने के लिए प्रियंका चोपड़ा के नाम का प्रस्ताव रखा था.

वेस्टलैंड बुक्स के पत्र में कहा गया कि जिस तरह श्रीदेवी ने भारतीय सिनेमा में महिलाओं की सीमाओं को तोड़ा है उसी तरह प्रियंका चोपड़ा आज वैश्विक मंचों पर भारतीय प्रतिभा का प्रतिनिधित्व कर रही हैं. ऐसे में एक ग्लोबल इंडियन वुमन की तरफ से दूसरी महान ग्लोबल इंडियन आइकन को श्रद्धांजलि देना बेहद अर्थपूर्ण है.
अमिताभ बच्चन का विशेष संदेश
वेस्टलैंड बुक्स द्वारा प्रकाशित होने वाली इस आधिकारिक बायोग्राफी के कवर पर सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का विशेष संदेश भी दर्ज है, जिसमें उन्होंने श्रीदेवी को “The epitome of unmitigated talent” (असीमित/अटूट प्रतिभा की प्रतिमूर्ति) कहकर संबोधित किया है.
1967 में महज 4 साल की उम्र में तमिल फिल्म ‘कंधन करुणई’ से बाल कलाकार के रूप में करियर शुरू करने वाली और 1972 में ‘रानी मेरा नाम’ से बॉलीवुड में कदम रखने वाली श्रीदेवी को 2013 में ‘पद्म श्री’ से सम्मानित किया गया था.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


