Upasana Singh Heart Disease: फिल्म ‘जुदाई’ में अपने कॉमिक डायलॉग ‘अब्बा डब्बा जब्बा’ से लेकर कपिल शर्मा के शो में ‘पिंकी बुआ’ बनकर घर-घर में अपनी पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस उपासना सिंह आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं. लेकिन पर्दे पर सबको हंसाने वाली इस एक्ट्रेस की असल जिंदगी बेहद दर्दनाक और संघर्षों से भरी रही है. बचपन में एक ऐसी जानलेवा बीमारी से उनका सामना हुआ, जिसने उनकी जिंदगी को दांव पर लगा दिया था.
मशहूर एक्ट्रेस और कॉमेडियन उपासना सिंह बचपन में दिल में छेद (हार्ट डिफेक्ट) जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं, जिसके चलते वह डांस करते समय बेहोश हो जाती थीं. डॉक्टरों द्वारा जान का खतरा बताए जाने के बाद चंडीगढ़ के पीजीआई में उनका सफल ऑपरेशन हुआ. बीमारी से उबरकर उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा और राजस्थानी व पंजाबी फिल्मों से होते हुए बॉलीवुड तक का सफर तय किया. ‘जुदाई’ फिल्म और कपिल शर्मा के शो में ‘पिंकी बुआ’ के किरदार से मशहूर हुईं उपासना आज 100 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुकी हैं.
सपनों का पीछा करना जारी रखा (Comedy Nights With Kapil)
29 जून 1975 को पंजाब में जन्मीं उपासना सिंह की कहानी किसी फ़िल्मी स्क्रिप्ट जैसी है. बचपन से ही एक्टिंग और डांस की शौकीन उपासना जब भी स्टेज पर परफॉर्म करतीं, तो अक्सर बेहोश हो जाया करती थीं. जांच में पता चला कि उनके दिल में जन्म से ही छेद है और डॉक्टरों ने यहां तक कह दिया था कि बिना ऑपरेशन उनकी जान भी जा सकती है. लेकिन चंडीगढ़ के पीजीआई में सफल सर्जरी के बाद उन्होंने अपनी बीमारी को मात दी और सपनों का पीछा करना जारी रखा.
आइकॉनिक डायलॉग ‘अब्बा डब्बा जब्बा’ (Judai Movie Abba Dabba Jabba)
उपासना ने पंजाब यूनिवर्सिटी से ड्रामेटिक आर्ट्स में मास्टर्स किया और अपने करियर की शुरुआत राजस्थानी फिल्म ‘बाई चली सासरिए’ से की. इसके बाद उन्होंने हिंदी, पंजाबी और गुजराती सिनेमा में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया. बॉलीवुड में उन्हें असली पहचान फिल्म ‘जुदाई’ के आइकॉनिक डायलॉग ‘अब्बा डब्बा जब्बा’ से मिली. इसके अलावा उन्होंने ‘हंगामा’ और ‘एतराज’ जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया.
फिल्मों से इतर, टीवी शो ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ में उनका ‘पिंकी बुआ’ का किरदार घर-घर में लोकप्रिय हुआ. आज उपासना सिंह 100 से ज्यादा फिल्मों का हिस्सा रहकर लाखों दिलों पर राज कर रही हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
