सोशल मीडिया की दुनिया भी अजीब है, यहां कब क्या वायरल हो जाए और लोग किस पर आंख मूंदकर भरोसा कर लें, कुछ कहा नहीं जा सकता. इन दिनों इंस्टाग्राम, एक्स और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर 1,000 रुपये के नए नोट की तस्वीरें ताबड़तोड़ शेयर की जा रही हैं. पीले रंग के इस कथित नोट को लेकर दावा किया जा रहा है कि रिजर्व बैंक (RBI) जल्द ही इसे दोबारा बाजार में उतारने की तैयारी कर रहा है. अगर आपके पास भी ऐसा कोई मैसेज या फोटो आया है, तो थोड़ा ठहरिए क्योंकि इसकी असलियत कुछ और ही है.
PIB फैक्ट चेक ने खोली पोल
वायरल हो रहे इन दावों की जब केंद्र सरकार की एजेंसी PIB Fact Check ने पड़ताल की, तो दूध का दूध और पानी का पानी हो गया. एजेंसी ने साफ शब्दों में स्पष्ट किया है कि RBI की तरफ से 1,000 रुपये का नया नोट जारी करने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. सोशल मीडिया पर घूम रही ये तस्वीरें और तारीखें पूरी तरह मनगढ़ंत और फर्जी हैं. सरकार ने लोगों को चेतावनी दी है कि बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के ऐसी भ्रामक जानकारियों को आगे बढ़ाने से बचें.
नोटबंदी के बाद से बंद है 1,000 का नोट
अगर आपको याद हो, तो देश में 1,000 रुपये के नोट का इतिहास 8 नवंबर 2016 की उस तारीख से जुड़ा है, जब सरकार ने अचानक नोटबंदी का ऐतिहासिक ऐलान किया था. काले धन और भ्रष्टाचार पर लगाम कसने के लिए उस समय 500 और 1,000 रुपये के पुराने नोटों को चलन से बाहर कर दिया गया था. सरकार ने 500 का नया नोट तो बाजार में उतारा, लेकिन 1,000 रुपये के नोट को दोबारा कभी जारी नहीं किया गया.
हालांकि, बाद में नकदी की कमी दूर करने के लिए 2,000 रुपये का नोट आया था, जिसे भी मई 2023 में आरबीआई ने धीरे-धीरे चलन से वापस ले लिया. फिलहाल देश में महात्मा गांधी (नई) सीरीज के तहत 10, 20, 50, 100, 200 और 500 रुपये के नोट ही कानूनी रूप से वैध हैं. इसलिए किसी भी वायरल तस्वीर पर भरोसा करने से पहले आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर सच जरूर जांच लें.
यह भी पढ़ें: क्या सच में सोनिया गांधी मिले थे जेफरी एपस्टीन से? जानिए Viral तस्वीर की सच्चाई
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





