Bharat Express DD Free Dish

रिटायरमेंट के बाद अरिजीत सिंह को लेकर वायरल रील, क्या वाकई फैंस पर भड़के सिंगर? जानें सच

अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर एक रील तेजी से वायरल हो रही है. इस रील में सिंगर के नाम और फोटो वाले अकाउंट का स्क्रीनशॉट दिखाकर एक चौंकाने वाला दावा किया जा रहा है, जिसने फैंस को हैरान कर दिया है. जानें क्या है सच.

Arijit Singh retirement

प्लेबैक सिंगिंग से अरिजीत सिंह के रिटायरमेंट की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा. लाखों फैंस जहां इस फैसले से भावुक नजर आए, वहीं इसी बीच एक आपत्तिजनक दावा भी तेजी से वायरल होने लगा. इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर की जा रही है, जिसमें अरिजीत सिंह के नाम और फोटो वाले अकाउंट का स्क्रीनशॉट दिखाकर यह दावा किया जा रहा है कि सिंगर ने अपने ही प्रशंसकों के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है. लेकिन असल सच इससे अलग है. आइए जानते है.

रिटायरमेंट की घोषणा के बाद फैला भ्रम

दरअसल, 27 जनवरी 2026 को अरिजीत सिंह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक भावुक पोस्ट शेयर कर प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट लेने का ऐलान किया था. इस पोस्ट में उन्होंने अपने प्रशंसकों को सालों तक मिले प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद कहा था और यह साफ किया था कि वह अब नए प्लेबैक प्रोजेक्ट्स नहीं लेंगे.

इस घोषणा के बाद ही सोशल मीडिया पर एक रील वायरल होने लगी, जिसमें एक कथित इंस्टाग्राम पोस्ट का स्क्रीनशॉट दिखाया गया. स्क्रीनशॉट में प्रोफाइल फोटो अरिजीत सिंह की लगाई गई थी और यूजरनेम भी उन्हीं के नाम से मिलता-जुलता था. दावा किया गया कि यह पोस्ट खुद अरिजीत ने अपने फैंस को लेकर लिखी है.

जांच में क्या सामने आया?

जब हमारी फैक्ट चेक टीम ने सबसे पहले इस दावे को न्यूज सर्च के जरिए खंगाला, तो कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अरिजीत सिंह के रिटायरमेंट की खबरें मिलीं. लेकिन इनमें कहीं भी ऐसी किसी आपत्तिजनक पोस्ट का जिक्र नहीं था.

इसके बाद अरिजीत सिंह के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच की गई. वहां 27 जनवरी 2026 को की गई रिटायरमेंट की घोषणा साफ तौर पर मौजूद थी, लेकिन वायरल स्क्रीनशॉट जैसी कोई पोस्ट उनके अकाउंट नहीं थी.

अगर अरिजीत सिंह जैसी बड़ी हस्ती अपने फैंस को लेकर इस तरह की भाषा इस्तेमाल करते, तो यह खबर जरूर बड़े स्तर पर सामने आती. लेकिन न तो किसी न्यूज वेबसाइट पर और न ही किसी भरोसेमंद स्रोत पर ऐसी कोई जानकारी मिली.

वहीं, विशेषज्ञों के अनुसार भी अरजीत सिंह ने कोई भी ऐसा पोस्ट नहीं किया है.

फर्जी अकाउंट से फैलाया गया दावा

जांच में यह भी सामने आया कि यह रील एक इंस्टाग्राम यूजर ने शेयर की थी, जिसके कुछ हजार फॉलोअर्स हैं. इससे पहले भी कई बार सेलिब्रिटीज के नाम से फर्जी पोस्ट बनाकर वायरल की जा चुकी है, ताकि व्यूज और एंगेजमेंट बटोरी जा सके.

इस जांच से ये साफ हो गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही रील पूरी तरह फर्जी है.अरिजीत सिंह के नाम पर वायरल हो रही यह आपत्तिजनक पोस्ट झूठा और भ्रामक है. ऐसे में सोशल मीडिया पर किसी भी स्क्रीनशॉट या रील को सच मानने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें.

ये भी पढ़ें: अमित शाह का UGC पर बयान: बोले-सबको करना होगा स्वीकार, जानें वायरल वीडियो का सच

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read