Bharat Express DD Free Dish

Fact Check: तेज प्रताप यादव के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत, तेजस्वी को नहीं बुलाया ‘नचनिया’

हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दावा किया जा रहा था कि तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को ‘नचनिया’ कह रहे हैं. सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो को लेकर किया गया दावा गलत है.

Fact Check: हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दावा किया जा रहा था कि तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को ‘नचनिया’ कह रहे हैं. लेकिन असल में सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो को लेकर किया गया दावा गलत है.

इस वीडियो के थोड़ें से भाग को एडिट कर भ्रामक तौर पर इस्तेमाल किया गया है. दरअसल इस वीडियो में तेज प्रताप यादव ने यह टिप्पणी तेजस्वी के लिए नहीं बल्कि भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के लिए किया था.

वायरल वीडियो का दावा

दरअसल 3 सितंबर 2025 को फेसबुक के एक यूजर ‘BK Purnea news’ ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें तेज प्रताप यादव ‘नचनिया’ शब्द का इस्तेमाल करते दिखाई देते हैं और पोस्ट के साथ तेजस्वी यादव का एक डांस करता हुआ वीडियो भी जोड़ा गया, जिससे यह भ्रम फैलाया गया कि तेज प्रताप ने अपने भाई को ‘नचनिया’ कहा.

जांच में पता चला वायरल वीडियो के पीछे का सच

वायरल वीडियो की जांच करते समय वीडियों पर गौर फरमाने पर उसमें एक माइक दिख रहा है जिसपर PRAYAS NEWS’ लिखा हुआ था. जिसके बाद PRAYAS NEWS के यूट्यूब चैनल को खंगाला गया जिसमें उस वीडियो का फुल वर्ज़न 23 जुलाई 2025 को अपलोड किया गया था.

इस वीडियो को देखने पर मिलता है की 9.20 मिनट के आसपास रिपोर्टर तेज प्रताप यादव से भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह पर एक सवाल पूछता है जिसमें रिपोर्टर कहता है, ‘अब आते हैं पवन सिंह पर उन्होंने तेजस्वी यादव की बड़ाई की है. हो सकता है उन्हें टिकट वगैरा चाहिए हो. नाचने-गाने वाले लोग हैं. इस पर तेज प्रताप जवाब देते हैं कि पवन सिंह कलाकार हैं, नाचने-गाने वाले लोग हैं और कलाकार की हर जगह इज्जत होनी चाहिए.

इसके बाद बातचीत में तेज प्रताप कहते हैं, ‘अच्छा वो नाचते नहीं है. उनका एक हजार वीडियो है डांस करते हुए. वो नाचते हैं ना जी. लोग जानते हैं कि वो नाचते हैं, डांस करते हैं. तो उसको आप लोग क्या बोलेंगे. नेता भाषण दे रहा है तो आप लोग बोलते हैं कि अरे नेता भाषण दे रहा है. अरे कलाकार नाच रहा है, डांस कर रहा है. तो उसको क्या बोलियेगा आप नचनिये बोलियेगा न. तो नाचते रहेंगे वो. नाचते-नाचते चुनाव जीत जाएंगे. शुभकामना है उनको

असली और एडिटेड वीडियो में फर्क

एडिटेड वर्ज़न में उस हिस्से को काट दिया गया है, जहां रिपोर्टर और तेज प्रताप दोनों बार-बार पवन सिंह का नाम ले रहे हैं. यही कट-पेस्ट तकनीक से ऐसा दिखाने की कोशिश की गई कि यह टिप्पणी तेजस्वी यादव पर है.

तेजस्वी यादव का असली डांस वीडियो

जांच के दौरान तेजस्वी यादव का एक डांस वीडियो उनके आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिला, जिसे उन्होंने 2 सितंबर 2025 को शेयर कर कैप्शन में लिखा, ‘गर्मी, बारिश और उमस के बीच कल 16 दिनों तक चली वोटर अधिकार यात्रा समाप्त हुई. रात्रि में सिंगापुर से आए भांजे ने कहा ड्राइव पर चले। रास्ते में सड़क पर कुछ युवा साथी कलाकार मिले. वो गाना गा रहे थे, रील्स बना रहे थे. आग्रह करने लगे तो हमने भी हाथ-पैर आजमाए. हम सब सहजता, सरलता और सुगमता के साथ युवाओं की अपेक्षाओं, आकांक्षाओं, सपनों और उम्मीदों संग कदमताल कर जाति-धर्म से ऊपर उठ नए बिहार के निर्माण का संकल्प लेकर सत्ता परिवर्तन करेंगे’.

इस वीडियो में तेजस्वी समर्थकों के बीच सड़क पर युवाओं के साथ गाना-बजाना करते नजर आ रहे हैं और इसी वीडियो को एडिटेड क्लिप के साथ जोड़कर गलत दावा फैलाया गया.

ये भी पढ़ें: Fact Check: क्या सच में दिल्ली-UP पुलिस ने बम से लदे शख्स को किया था गिरफ्तार? जानें वायरल तस्वीर के पीछे की सच्चाई

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read