Bharat Express DD Free Dish

क्या किश्तवाड़ में क्रैश हुआ वायुसेना का फाइटर जेट? IAF और PIB ने बताया सच

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भारतीय वायुसेना के फाइटर जेट क्रैश होने की खबर पूरी तरह फर्जी निकली है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावों और वीडियो को वायुसेना और पीआईबी ने खारिज कर दिया है. पाकिस्तान के कई हैंडल्स इस अफवाह को हवा देने में जुटे थे.

Fact Check Did IAF Fighter Jet Crash in Kishtwar Here is the Truth

शुक्रवार की शाम सोशल मीडिया पर एक खबर ने न केवल देश में बल्कि पूरी दुनिया में सनसनी फैला दी. दावा किया गया कि जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में भारतीय वायुसेना (IAF) का एक लड़ाकू विमान क्रैश हो गया है. देखते ही देखते यह खबर सरहद पार पहुंची और पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स ने इसे प्रमुखता से उछालना शुरू कर दिया. लेकिन क्या ये वाकई में सच है? आइए जानते है.

कैसे हुआ वायरल?

जैसे ही सोशल मीडिया पर किश्तवाड़ के पाडर जंगलों में ‘धमाके’ और ‘धुएं’ की खबरें तैरने लगीं, विदेशी वेबसाइट्स और विशेषकर पाकिस्तान के कई हैंडल्स ने इसे लपक लिया. बिना किसी पुष्टि के इसे भारतीय वायुसेना की बड़ी क्षति के रूप में पेश किया जाने लगा. दावों के साथ एक वीडियो भी साझा किया गया, जिसमें घने जंगल से धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा था. दावा था कि ये फाइटर जेट के गिरने के बाद का मंजर है.

IAF और PIB ने किया साफ

खबर के वायरल होते ही भारतीय वायुसेना और प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) सक्रिय हो गए. पीआईबी फैक्ट चेक ने तुरंत इस पर स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा, ‘कई सोशल मीडिया पोस्ट में एक वीडियो साझा कर दावा किया जा रहा है कि किश्तवाड़ में भारतीय वायुसेना का विमान क्रैश हुआ है. यह दावा पूरी तरह फर्जी है.’

भारतीय वायुसेना के प्रवक्ता ने भी मीडिया आउटलेट्स से अपील की है कि वे ऐसी संवेदनशील खबरों को चलाने से पहले आधिकारिक सूत्रों से पुष्टि जरूर करें. वायुसेना ने साफ किया कि उनका कोई भी विमान हादसे का शिकार नहीं हुआ है और ये खबर महज एक अफवाह है.

अफवाह के पीछे का ‘झूठा’ वीडियो

सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे वीडियो में दावा किया गया था कि पाडर के जंगलों में तेज धमाके की आवाज सुनी गई और धुआं देखा गया. लेकिन जांच में सामने आया कि न तो वहां कोई मलबा मिला और न ही वायुसेना के किसी मिशन में कोई व्यवधान आया. अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे बिना जांचे-परखे ऐसे वीडियो शेयर न करें, क्योंकि इससे अनावश्यक पैनिक पैदा होता है.

ये भी पढ़ें: बीजेपी को वोट देने पर घर जलाने की धमकी? जानें क्या है वायरल वीडियो की असली सच्चाई

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read