Bharat Express DD Free Dish

FACT Check: प्लास्टिक बैग्स में मिले मरे हुए कुत्ते, दिल्ली का बताया जा रहा वीडियो; जानें आखिर क्या है इसकी सच्चाई?

Fact Check: सोशल मीडिया पर वायरल हुआ प्लास्टिक बैग्स में मिले मरे हुए कुत्तों का वीडियो वायरल हो रहा है. जानें पूरी सच्चाई

Fact Check

FACT Check: दिल्ली-NCR में आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में बड़ा आदेश दिया था. अदालत ने 11 अगस्त को निर्देश दिए कि तत्काल शेल्टर होम बनाए जाएं और कुत्तों को वहां शिफ्ट किया जाए. साथ ही, कोर्ट ने साफ कहा कि किसी भी कुत्ते को यूं ही सड़कों पर छोड़ना मना होगा. अदालत ने राज्यों और एजेंसियों को आठ हफ्तों के भीतर शेल्टर की स्थिति पर रिपोर्ट पेश करने का आदेश भी दिया, लेकिन इस आदेश के बाद से ही कुछ लोग इस फैसले का विरोध करने के लिए सड़क पर उतर आए.

इसी माहौल के बीच सोशल मीडिया पर एक भयावह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक शख्स को बेहोश पड़े कुत्तों को थैली से निकालकर बेरहमी से जमीन पर पटकते हुए देखा जा सकता है. यह विचलित करने वाला वीडियो दिल्ली का बताया जा रहा है.

क्या है इस वायरल वीडियो की सच्चाई

15 अगस्त को ट्विटर यूजर @hii_soni_d91 ने इसे पोस्ट करते हुए लिखा कि लोग सड़कों से कुत्तों को हटाने की मांग तो करते हैं, लेकिन इनके साथ हो रही इस क्रूरता को कोई नहीं देखता. वीडियो देखते ही लोगों में गुस्सा फैल गया. कई यूजर्स ने मांग की कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए.

भारत एक्सप्रेस ने इस वीडियो की पड़ताल की. जांच के दौरान वीडियो के कई की-फ्रेम्स निकाले गए और गूगल लेंस के जरिए उनकी सर्च की गई. तब जाकर सच्चाई सामने आई. यह वीडियो न तो दिल्ली का है और न ही भारत का. यह घटना दरअसल दक्षिणी वियतनाम का है. हमें यह वीडियो 5 अगस्त को एक फेसबुक पेज Thiên Kim पर मिला. वियतनामी भाषा में मौजूद विवरण के अनुसार यह घटना वहीं की है.

भारत नहीं बल्कि वियतनाम का ये मामला

जब आगे और जांच की गई तो वियतनाम की सरकारी वेबसाइट VOV पर जारी रिपोर्ट हाथ लगी. यह रिपोर्ट 5 अगस्त 2025 की है. रिपोर्ट में बताया गया कि का माऊ प्रांत में लंबे समय से कुत्तों की चोरी और गुमशुदगी की घटनाएं बढ़ रही थीं. इसी सिलसिले में 3 अगस्त की रात पुलिस गश्त कर रही थी. तभी उन्हें दो लोग मोटरसाइकिल पर बड़ी-बड़ी थैलियां लेकर जाते दिखाई दिए.

पुलिस ने जब बैग की तलाशी ली तो उसमें से 12 कुत्तों के शव मिले. इसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में उनकी पहचान लाम हाई ट्रुंग और क्वच डुंग बिन्ह के रूप में हुई. दोनों ने कुबूल किया कि वे कुत्तों की चोरी करते थे. यानी सोशल मीडिया पर जिस वीडियो को दिल्ली से जोड़कर वायरल किया जा रहा था, उसका भारत से कोई लेना-देना ही नहीं है. यह मामला पूरी तरह वियतनाम का है.

ये भी पढ़ें: Fact Check: क्या नीतीश कुमार ने भाजपा-आरएसएस पर बोला हमला? वायरल वीडियो की सच्चाई आई सामने, आप भी जान लीजिए

Also Follow Bharat Express on Facebook

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read