Fact Check: नेपाल में हाल ही में हुए जेन-जी (Gen-Z) आंदोलन के बाद सत्ता परिवर्तन हुआ और पूर्व न्यायाधीश सुशीला कार्की को अंतरिम प्रधानमंत्री बनाया गया. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेपाल के पोखरा पहुंचे हैं और वहां रोड शो किया है.
पड़ताल में क्या मिला?
भारत एक्सप्रेस की पड़ताल में यह दावा पूरी तरह फर्जी निकला. दरअसल, वायरल वीडियो पीएम मोदी के पटना रोड शो का है जो उन्होंने 29 मई 2025 को किया था. इस वीडियो को नेपाल का बताकर सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाया जा रहा है. वीडियो में पटना के बेली रोड स्थित विद्यालय नं. 2 का बोर्ड साफ नजर आता है जिससे इसकी लोकेशन की पुष्टि होती है.
इंस्टाग्राम वीडियो का सच
एक इंस्टाग्राम यूजर ने 13 सितंबर को वीडियो पोस्ट किया और लिखा कि मोदी का एंट्री पोखरा में, नेपाल हिंदू राष्ट्र.लेकिन जब इस वीडियो का कीफ्रेम निकालकर गूगल लेंस से सर्च किया गया तो यह यूट्यूब चैनल पर 30 मई को अपलोड मिला जिसमें इसे पटना का बताया गया था.
विदेश मंत्रालय ने दी थी जानकारी
नेपाल के विदेश मंत्री ने भी एक सितंबर को जानकारी दी थी कि भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से मुलाकात की और पीएम मोदी का बधाई संदेश उन्हें सौंपा. इसके अलावा 18 सितंबर को पीएम मोदी और सुशीला कार्की के बीच फोन पर बातचीत हुई. जिसकी जानकारी पीएम मोदी ने खुद सोशल मीडिय एक्स पर पोस्ट कर दी है.
मीडिया हाउस के पत्रकार ने क्या कहा?
एक मीडिया हाउस के पत्रकार ने भी पुष्टि की कि पीएम मोदी हाल-फिलहाल में नेपाल नहीं गए हैं और वायरल दावा पूरी तरह गलत है. वीडियो शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल स्कैन करने पर पता चला कि वह एक खास विचारधारा से प्रभावित है और उसके करीब 900 फॉलोअर्स हैं.
नेपाल में प्रदर्शन के बाद पीएम मोदी की यात्रा को लेकर जो दावा किया जा रहा है वह भ्रामक और झूठा है. यह वीडियो पटना का है जिसे गलत तरीके से नेपाल से जोड़कर सोशल मीडिया पर फैलाया गया है.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

