सोशल मीडिया की दुनिया पर कब किसे क्या बना दिया जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता. ठीक ऐसे ही हाल ही में अमेरिकी जांच एजेंसी FBI के डायरेक्टर काश पटेल (Kash Patel) से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है. इंटरनेट पर आग की तरह फैल रहे इस वीडियो में एक शख्स बॉलीवुड के क्लासिक गाने ‘सुन साहिबा सुन’ पर बड़े मजे से नंगे पांव थिरकता नजर आ रहा है. दाढ़ी और कद-काठी मिलने की वजह से लोग दावा करने लगे कि ये कोई और नहीं बल्कि काश पटेल ही हैं. लेकिन क्या वाकई एक पावरफुल अमेरिकी अधिकारी इस तरह बॉलीवुड गानों का शौकीन है? आइए जानते है वीडियो की पूरी सच्चाई.
ईरानी हैकर्स और डेटा लीक का कनेक्शन
इस पूरे ड्रामे की शुरुआत एक वीडियो से नहीं, बल्कि एक गंभीर साइबर हमले से हुई. ‘हंदाला हैक टीम’ नाम के एक हैकर ग्रुप ने दावा किया कि उन्होंने काश पटेल का पर्सनल जीमेल अकाउंट हैक कर लिया है. इस ग्रुप का संबंध ईरान से बताया जा रहा है.
हैकर्स ने ये भी दावा किया कि उनके हाथ पटेल के 300 से ज्यादा निजी ईमेल, फोटो और जरूरी दस्तावेज लगे हैं. अमेरिकी न्याय विभाग के कुछ अधिकारियों ने भी दबी जुबान में माना कि जो डेटा लीक हुआ है, वो असली लग रहा है. ये घटना तब हुई जब अमेरिका और ईरान के बीच पहले से ही काफी तनाव चल रहा है. साथ ही कई बड़ी न्यूज एजेंसियों ने भी इस हैकिंग की पुष्टि की.
कैसे शुरू हुआ बॉलीवुड डांस का विवाद?
जैसे ही हैकिंग की खबर फैली, सोशल मीडिया पर एक वीडियो फैलने लगा. वीडियो में एक शख्स घर के भीतर ‘राम तेरी गंगा मैली’ फिल्म के मशहूर गाने पर जबरदस्त डांस कर रहा है. उसके आसपास खाने-पीने का सामान रखा है और दोस्त उसका उत्साह बढ़ा रहे है. लोगों ने इसे ‘काश पटेल का लीक वीडियो’ बताकर शेयर करना शुरू कर दिया.
The Only leaked Video from the Kash Patel’s Gmail account https://t.co/LWcep0QECQ pic.twitter.com/JioSwWZzeD
— Prabh@2003 (@Prabh2003166342) March 29, 2026
यहां तक कि एआई (AI) टूल्स ने भी शुरुआती तौर पर कह दिया कि वीडियो वाले शख्स का चेहरा काश पटेल से काफी मिलता-जुलता है. बस फिर क्या था, मीम्स की बाढ़ आ गई और लोग चटकारे लेकर इसे शेयर करने लगे.
क्या है वीडियो की असल सच्चाई
जब इस वीडियो की गहराई से जांच की गई, तो सच कुछ और ही निकला. असल में यह वीडियो कोई नया नहीं है, बल्कि साल 2021 से ही यूट्यूब और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद है. वीडियो में दिख रहा शख्स असल में एक आम आदमी है जो अपनी पत्नी के मायके जाने की खुशी में जश्न मना रहा था.
ये वीडियो पहले भी कई बार अलग-अलग संदर्भों में वायरल हो चुका है. काश पटेल के लुक और इस वीडियो वाले शख्स के बीच जमीन-आसमान का अंतर है. साफ है कि हैकिंग की खबर का फायदा उठाकर किसी ने पुराने वीडियो को नए पैकेट में पेश कर दिया.
इस से ये साफ है कि काश पटेल का जीमेल हैक होना एक हकीकत हो सकती है, लेकिन उनका बॉलीवुड गाने पर डांस करना पूरी तरह से अफवाह है. इसलिए अगली बार जब आप ऐसा कोई वीडियो देखें, तो उसे शेयर करने से पहले एक बार जरूर सोचें. साथ ही बिना आधिकारिक सोर्स से पुष्टि न हाने तक, उसपर विश्वास न करें.
ये भी पढ़ें: क्या सच में भारत में 5 दिन बाद खत्म हो जाएगा पेट्रोल-डीजल? सरकार ने दावों को लेकर तोड़ी चुप्पी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





