Bharat Express DD Free Dish

क्या सरकार बांट रही है स्कूली बच्चों को फ्री ईवी साइकिल? जानें सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का सच

सोशल मीडिया पर पीएम मोदी का एक एआई-जनरेटेड फर्जी वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूली बच्चों को मुफ्त इलेक्ट्रिक साइकिल देने का दावा किया जा रहा है. पीआईबी फैक्ट चेक ने इस दावे को पूरी तरह से फेक और भ्रामक बताया है.

Fact Check Is PM Modi Giving Free Electric Bicycles To School Students

Fact Check: सोशल मीडिया के इस दौर में जितनी तेजी से सरकारी योजनाएं लोगों तक नहीं पहुंचतीं, उससे कहीं ज्यादा तेजी से फर्जी अफवाहें फैल जाती हैं. इन दिनों फेसबुक और व्हाट्सएप पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो को देखकर दावा किया जा रहा है कि केंद्र सरकार देश के सभी स्कूली बच्चों को पढ़ाई के लिए मुफ्त में इलेक्ट्रिक साइकिल (EV Cycle) बांट रही है. लेकिन क्या इस दावे में रत्ती भर भी सच्चाई है? आइए जानते हैं.

क्या है वायरल दावा?

दरअसल, एक फेसबुक पर यह दावा किया गया है कि केंद्र सरकार की ओर से स्कूल जाने वाले सभी बच्चों को इलेक्ट्रिक साइकिल मिलेगी. इस वीडियो में खुद पीएम मोदी मंच से बच्चों को इसके लिए जल्दी से जल्दी आवेदन करने की सलाह देते दिख रहे हैं. वीडियो के अपलोड होते ही सोशल मीडिया पर यह तेजी से वायरल हो गया.

PIB फैक्ट चेक ने बताई सच्चाई

जब इस वीडियो की भनक सरकारी लोक संपर्क एजेंसी PIB Fact Check को लगी, तो उन्होंने इसकी बारीकी से जांच की. जांच के बाद सच सामने आया. पीआईबी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए साफ किया कि यह वीडियो पूरी तरह से फर्जी और जाली है.

बता दें कि यह कोई असली वीडियो नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया एक ‘डीपफेक’ वीडियो है. शातिर जालसाजों ने तकनीक का गलत इस्तेमाल करके पीएम मोदी की आवाज और चेहरा बदला है ताकि लोग इसे सच मान बैठें.

इस जांच से ये साफ है कि सरकार ने ऐसी किसी ‘फ्री इलेक्ट्रिक साइकिल योजना’ की कोई घोषणा नहीं की है. सरकार ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसे लुभावने और फर्जी दावों के झांसे में बिल्कुल न आएं. इस तरह के वीडियो पर भरोसा करके अपनी निजी जानकारी किसी अज्ञात लिंक पर साझा न करें, क्योंकि इससे आप साइबर ठगी के शिकार हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें: क्या वाराणसी के मंदिर में मिले मुस्लिम युवकों के कटे सिर? जानें सोशल मीडियी पर वायरल हो रहे पोस्ट का सच

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read