PHOTO CREDIT: X (formerly Twitter)
दुनिया में पहले से मौजूद 9 परमाणु शक्तियों और उनके बीच बढ़ते तनाव के बीच, अब सबकी नजरें मध्य पूर्व पर टिकी हैं. अमेरिका और इजराइल के साथ हालिया सैन्य संघर्षों के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो से दावा किया जा रहा है कि ईरान ने गुपचुप तरीके से अपना पहला परमाणु परीक्षण कर लिया है. अगर ऐसा होता है तो यह न केवल मध्य पूर्व के शक्ति संतुलन को पूरी तरह बदल देगा, बल्कि दुनिया को एक बड़े परमाणु संकट के और करीब धकेल सकता है. हालांकि वायरल वीडियो की असल कहानी कुछ और ही है. आइए जानते है.
क्या है वायरल वीडियो?
दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक बड़े धमाके के बाद आसमान में धुएं का विशाल गुबार उठता हुआ दिखाई दे रहा है. इस क्लिप को शेयर करते हुए कई यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह ईरान द्वारा किए गए परमाणु परीक्षण का असली फुटेज है.
Hey @grok क्या अभी अभी ईरान ने परमाणु बम का परीक्षण कर लिया है?
ये सही है तो दुनिया एक और परमाणु युद्ध की ओर बढ़ रही है… https://t.co/vnVCjgptJy— चाणक्य (@ChanakyaSpeaksX) November 3, 2026
मामला इतना बढ़ा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर कई लोगों ने AI चैटबॉट Grok से सवाल करने लगे क्या सच में यह वीडियो ईरान में हुए परमाणु परिक्षण का है?
असली धमाका नहीं….
जांच करने पर पता चला कि ईरान के परमाणु परीक्षण के नाम पर फैलाया जा रहा यह वीडियो बिल्कुल भी असली नहीं है. इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया है. आजकल AI टूल्स के जरिए ऐसे असली दिखने वाले वीडियो बनाना बेहद आसान हो गया है, जिससे आम लोग आसानी से भ्रमित हो जाते हैं और बिना जांचे-परखे इन्हें आगे फॉरवर्ड कर देते हैं.
कैसे खुला वायरल वीडियो का राज?
जब इस वीडियो के की-फ्रेम्स को गूगल लेंस के जरिए रिवर्स सर्च किया गया, तो हमें एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर हूबहू यही क्लिप मिली. मजे की बात यह है कि वहां इस वीडियो को रूस के परमाणु परीक्षण का बताकर पोस्ट किया गया था.
हालांकि, उस इंस्टाग्राम पोस्ट पर साफ तौर पर ‘AI Content’ का लेबल लगा हुआ था, जिससे यह साफ है कि यह फुटेज कंप्यूटर जनरेटेड है, न कि किसी असल घटना का.
इसके अलावा, वीडियो की तकनीकी जांच करने के लिए इसे ऑनलाइन AI डिटेक्शन टूल पर भी परखा गया. इस टूल के नतीजों में सामने आया कि इस वीडियो के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बने होने की संभावना 87 प्रतिशत तक है.
पहले भी हो चुके झूठे दावें
यह कोई पहली बार नहीं है जब इस खास वीडियो को लेकर सनसनी फैलाने की कोशिश की गई हो. साल 2025 में भी ठीक इसी क्लिप को ईरान के परमाणु परीक्षण से जोड़कर सोशल मीडिया पर खूब वायरल किया गया था. उस समय भी फैक्ट चेकर्स ने इस झूठ का पर्दाफाश किया था.
कुल मिलाकर, ईरान में किसी परमाणु धमाके का दावा पूरी तरह निराधार है और यह सिर्फ एक पुराना AI जनरेटेड वीडियो है, जिसे गलत संदर्भ में दोबारा पेश किया जा रहा है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


